टी20 वर्ल्ड कप 2026: खिताब के साथ बरसेगी करोड़ों की इनामी राशि, जानिए चैंपियन से लेकर सेमीफाइनलिस्ट तक किसे कितना मिलेगा

T20 World Cup 2026

टी20 वर्ल्ड कप 2026: खिताब के साथ बरसेगी करोड़ों की इनामी राशि, जानिए चैंपियन से लेकर सेमीफाइनलिस्ट तक किसे कितना मिलेगा

टी20 क्रिकेट का सबसे बड़ा महाकुंभ अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रोमांच अपने चरम पर है और क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब 8 मार्च को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हुई हैं। इस दिन भारत और न्यूजीलैंड बीच फाइनल मैच होगा और यह साफ हो जाएगा कि दुनिया की कौन-सी टीम टी20 क्रिकेट की नई विश्व चैंपियन बनेगी। क्या भारतीय टीम एक बार फिर इतिहास दोहराते हुए ट्रॉफी अपने नाम करेगी या फिर न्यूजीलैंड इस बार बाजी मार ले जाएगी—यह सवाल हर क्रिकेट फैन के मन में है। हालांकि इस टूर्नामेंट में केवल ट्रॉफी ही दांव पर नहीं है, बल्कि इसके साथ जुड़ी हुई है भारी भरकम प्राइज मनी भी। आईसीसी ने इस बार इनामी राशि में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है, जिसके चलते विजेता से लेकर सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली टीमों को करोड़ों रुपये मिलेंगे। ऐसे में यह टूर्नामेंट केवल प्रतिष्ठा ही नहीं बल्कि आर्थिक दृष्टि से भी बेहद अहम बन गया है।

20 टीमों के साथ शुरू हुआ था टूर्नामेंट

इस बार टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन पहले की तुलना में अधिक बड़े स्तर पर किया गया। टूर्नामेंट में कुल 20 टीमों ने हिस्सा लिया, जिससे प्रतियोगिता का स्तर भी काफी ऊंचा रहा। शुरुआती चरण में सभी टीमों को अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया था, जहां से बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों ने अगले दौर में जगह बनाई।

रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले

टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड आमने-सामने थे। दोनों ही टीमें अपने शानदार प्रदर्शन के लिए जानी जाती हैं और इनके बीच मुकाबला बेहद दिलचस्प हुआ और न्यूजीलैंड ने जीत दर्ज की। दूसरी ओर, दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड की टीम भिड़ी। यह मुकाबला भी क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी बड़े मुकाबले से कम नहीं था। जिसमें भारत ने इंग्लैंड को रोमांचभरे मैच में परास्त किया। भारत न्यूजीलैंड फाइनल में पहुंच चुकी है। वहीं हारने वाली टीमों का सफर समाप्त हो चुका है।

विजेता टीम को मिलेगी 27 करोड़ से ज्यादा राशि

अगर प्राइज मनी की बात करें तो इस बार आईसीसी ने इनामी राशि में अच्छी-खासी बढ़ोतरी की है। वर्ष 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में जब भारतीय टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब जीता था, तब उसे करीब 20.4 करोड़ रुपये की प्राइज मनी दी गई थी। लेकिन इस बार इनाम की राशि पहले से कहीं ज्यादा होने वाली है। जानकारी के अनुसार, टी20 वर्ल्ड कप 2026 की विजेता टीम को लगभग 27 करोड़ रुपये से अधिक की रकम पुरस्कार के रूप में मिल सकती है। यह राशि पिछले टूर्नामेंट की तुलना में काफी ज्यादा है और इससे यह साफ संकेत मिलता है कि आईसीसी इस टूर्नामेंट को और अधिक भव्य बनाने की दिशा में काम कर रहा है। दरअसल इस बार आईसीसी ने पूरे टूर्नामेंट के लिए करीब 120.37 करोड़ रुपये का कुल प्राइज पूल तय किया है। इसी बजट से अलग-अलग चरणों तक पहुंचने वाली टीमों को इनाम दिया जाएगा।

रनरअप टीम को भी मिलेगा बड़ा इनाम

टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल जीतना हर टीम का सपना होता है, लेकिन जो टीम फाइनल तक पहुंचकर आखिरी मुकाबला हार जाती है, उसे भी निराश होने की जरूरत नहीं होती। उपविजेता यानी रनरअप टीम को भी अच्छी-खासी इनामी राशि मिलती है। बताया जा रहा है कि इस बार टी20 वर्ल्ड कप 2026 की रनरअप टीम को करीब 14.65 करोड़ रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। यह राशि भी किसी बड़े सम्मान से कम नहीं है और यह दर्शाती है कि टूर्नामेंट के हर चरण का अपना महत्व है।

सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली टीमों को भी मिलेगा इनाम

सेमीफाइनल तक पहुंचना भी किसी उपलब्धि से कम नहीं माना जाता। इस बार जो टीमें सेमीफाइनल में हार जाएंगी, उन्हें भी खाली हाथ नहीं लौटना पड़ेगा। ऐसी टीमों को लगभग 7.24 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिलने की संभावना है। इसके अलावा सुपर-8 में बेहतर प्रदर्शन करने के बावजूद सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाने वाली टीमों को भी इनाम दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार, पांचवें से लेकर बारहवें स्थान तक रहने वाली टीमों को लगभग 3.48 करोड़ रुपये तक की राशि मिल सकती है।

डॉलर में तय होती है प्राइज मनी

हालांकि यहां जो राशि बताई जा रही है, वह भारतीय रुपये के हिसाब से अनुमानित है। वास्तव में आईसीसी अपने सभी टूर्नामेंट की प्राइज मनी अमेरिकी डॉलर में घोषित करता है। डॉलर और रुपये के बीच विनिमय दर में हर दिन बदलाव होता रहता है, इसलिए वास्तविक रकम में थोड़ा बहुत अंतर संभव है। फिर भी इतना तय है कि इस बार का टी20 वर्ल्ड कप केवल खेल के लिहाज से ही नहीं बल्कि इनामी राशि के लिहाज से भी बेहद बड़ा साबित होने वाला है। अब सभी की निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां तय होगा कि कौन-सी टीम ट्रॉफी के साथ-साथ करोड़ों रुपये की प्राइज मनी भी अपने नाम करेगी।

Exit mobile version