कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी नए साल की छुट्टियां मनाने और बेटे की सगाई के बाद निजी प्रवास पर राजस्थान के सवाई माधोपुर पहुंची हैं। गुरुवार को उन्होंने अपने परिवार के साथ विश्व प्रसिद्ध रणथम्भौर नेशनल पार्क में जंगल सफारी का आनंद लिया। इस दौरान एक ऐसा वाकया हुआ, जिसने वहां मौजूद सभी पर्यटकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। जानकारी के अनुसार, प्रियंका गांधी जिस ओपन जिप्सी में सफारी कर रही थीं, उसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकलकर एक टाइगर उनकी गाड़ी के सामने आ गया। टाइगर को देखते ही जिप्सी में बैठे पर्यटक कुछ पल के लिए सहम गए। शुरुआत में कई लोग उस रोमांचक पल को मोबाइल कैमरे में कैद करने लगे, लेकिन जैसे ही बाघ उनकी ओर बढ़ा, तो सभी डर के मारे अपनी-अपनी सीटों पर शांत होकर बैठ गए। कुछ देर तक टाइगर जिप्सियों के सामने टहलता रहा और फिर कच्चे रास्ते को पार करता हुआ वापस झाड़ियों में ओझल हो गया। रणथम्भौर भ्रमण के दौरान मौसम काफी ठंडा था। ठंड से बचने के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा, उनके परिवार के सदस्य और साथ आए मेहमान टोपी और चेहरे पर मास्क लगाए नजर आए। पार्क के भीतर और बाहर वाड्रा परिवार मीडिया से दूरी बनाए हुए दिखा। गौरतलब है कि प्रियंका गांधी अपने भाई राहुल गांधी और परिवार के साथ 30 दिसंबर को चार दिन के निजी दौरे पर रणथम्भौर पहुंची हैं। इसी दौरान उन्होंने परिवार संग टाइगर सफारी का यह यादगार अनुभव लिया




