छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव:प्रियंका गांधी बस्तर से करेंगी चुनावी शंखनाद,याद दिलायेंगी बस्तर से नेहरु गांधी परिवार का संबंध

Priyanka Gandhi Bastar

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की बिसात बिछने लगी है। बीजेपी में जहां केन्द्रीय स्तर पर चुनावी रणनीति पर मंथन किया जा रहा है। वहीं कांग्रेस मे सीएम भूपेश बघेल के नेतृत्व में पार्टी विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाने में जुट गई है। इन्हीं तैयारियों के बीच अभी से नेताओं के दौरे शरू हो गए हैं। केंद्रीय मंत्रियों से लेकर दोनों ही पार्टियों के बड़े नेताओं के आने का सिलसिला लगातार जारी हैं। पिछले दिनों आम आदमी पार्टी के सर्वेसर्वा और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल भी रायपुर में बड़ी सभा कर चुके हैं। अब प्रियंका गांधी बस्तर में होने वाले मातृशक्ति सम्मेलन में शामिल होकर चुनावी शंखनाद करेंगी।

राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बुलावे पर प्रियंका गांधी छत्तीसगढ़ पहुंचेंगी। सीएम बघेल ने उन्हें पिछले दिनों बस्तर आने का निमंत्रण दिया था। बताया जाता है कि राजनेतिक सरगर्मी के बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी छत्तीसगढ़ के बस्तर पहुंचेंगी। वे 12 अप्रैल को बस्तर आएंगी। दरअसल बस्तर में 12 अप्रैल को महिला सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले प्रियंका गांधी ने 26 फरवरी को रायपुर के जोरा मैदान में बड़ी सभा की थी। सीएम भूपेश बघेल का कहना है कि बस्तर में मातृशक्ति सम्मेलन होने जा रहा है। उन्होंने प्रियंका गांधी को बस्तर आने का निमंत्रण दिया है। राज्य सरकार की ओर से आंगनबाड़ी सहायिकाओं और महिलाकर्मियों की इच्छा से बड़ा आयोजन किया जा रहा है। जिसमें उत्साह वर्धन के लिए प्रियंका गांधी भी सम्मेलन में शामिल होंगी। सीएम भूपेश बघेल ने बताया प्रियंका गांधी वाड्रा 12 अप्रैल को बस्तर के दौरे पर रहेंगी। प्रियंका यहां महिला सम्मेलन में शामिल होंगी। उन्होंने कहा राज्य सरकार ने अपने बजट में मितानिन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बड़ी सौगात दी है। इसे लेकर प्रदेश स्तर पर बड़ा कार्यक्रम का आयोजन बस्तर में किया जा रहा है।

वायनाड से पहुंचेंगी बस्तर

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी 10 अप्रैल को कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे। जहां वे चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद 11 अप्रैल को दोनों नेता वायनाड जाएंगे। वहां से ही प्रियंका गांधी के बस्तर पहुंचने का कार्यक्रम है। बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी बस्तर की सभा से चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगी। बता दें बस्तर जिले के सभी 12 विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक चुने गए हैं। ऐसे में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस उन सीटों को और मजबूत करने की कवायद में जुटी है जहां पहले से की की कांग्रेसी विधायक चुनकर आए हैं। कांग्रेस का फोकस अपनी सीटों को सुरक्षित रखने पर है। जिसके चलते
प्रियंका गांधी की सभा को अहम माना जा रहा है।

दिखेगी नेहरु गांधी परिवार से संबंध की झलक

मातृ शक्ति सम्मेलन में फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जा रही है। इसका उद्देश्य आदिवासियों और बस्तर से नेहरू गांधी परिवार के संबंधों की जानकारी आज की युवा पीढ़ी को देना है। प्रदर्शनी के लिए पुरानी तस्वीरों का संग्रह किया गया है। बता दें बस्तर के लालबाग मैदान कभी पंडित जवाहर लाल नेहरू ने भी सभा को संबोधित किया था। उसी स्थान पर अब प्रियंका गांधी के लिए भी मंच तैयार किया जा रहा है। बता दें 13 मार्च 1955 को पंडित नेहरू ने प्रधानमंत्री के तौर पर बस्तर का दौरा किया था। तब यहां तृतीय राष्ट्रीय आदिवासी सम्मेलन का आयोजन किया गया था। जिसे संबोधित करने पं.नेहरु जगदलपुर आए थे। इसके बाद इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, संजय गांधी, मेनका गांधी के साथ सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी बस्तर आ चुके हैं। प्रदर्शनी में गांधी परिवार के सदस्यों के प्रवास से जुड़ी तस्वीरें पुरानी याद ताजा करेंगी।

Exit mobile version