प्रधानमंत्री इस दिन करेंगे त्रिपुरा में पुनर्विकसित त्रिपुरेश्वरी मंदिर का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार, 22 सितंबर को त्रिपुरा के गोमती जिले में स्थित ऐतिहासिक त्रिपुरेश्वरी मंदिर के पुनर्विकसित परिसर का उद्घाटन करेंगे। यह मंदिर 51 शक्तिपीठों में से एक है और धार्मिक आस्था के साथ-साथ पूर्वोत्तर भारत के सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक भी है।
- 51 शक्तिपीठों में शामिल मंदिर
- 52 करोड़ की लागत से संवारा गया
- पीएम मोदी 22 सितंबर को करेंगे उद्घाटन
52 करोड़ की लागत से हुआ पुनर्विकास
त्रिपुरेश्वरी मंदिर का पुनर्विकास केंद्र सरकार की PRASAD योजना (तीर्थयात्रा पुनरुद्धार एवं आध्यात्मिक संवर्धन अभियान) के तहत किया गया है। इसके लिए कुल 52 करोड़ रुपये खर्च किए गए। नए विकास कार्यों में मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार और पर्यटन अवसंरचना को मजबूत करना शामिल है। इसका उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना और श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव प्रदान करना है।
ऐतिहासिक महत्व
इस मंदिर का निर्माण महाराजा धन्य माणिक्य ने वर्ष 1501 में करवाया था। त्रिपुरेश्वरी मंदिर को त्रिपुर सुंदरी मंदिर भी कहा जाता है। यह शक्तिपीठ हिंदू आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां देशभर से श्रद्धालु मां त्रिपुरेश्वरी के दर्शन करने आते हैं।
प्रधानमंत्री का कार्यक्रम
गोमती जिला मजिस्ट्रेट रिंकू लाठेर के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी 22 सितंबर को दोपहर बाद करीब 3 बजे उदयपुर पहुंचेंगे। वह यहां पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद पुनर्विकसित मंदिर का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम की अवधि लगभग 45 मिनट रहेगी। पीएम मोदी इस दौरान कोई भाषण नहीं देंगे।
तैयारियां पूरी
प्रशासन ने प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। त्रिपुरेश्वरी मंदिर का पुनर्विकास न केवल त्रिपुरा बल्कि पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन का नया अध्याय खोलेगा। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा पूर्वोत्तर में केंद्र सरकार की प्राथमिकता और धार्मिक धरोहरों को संरक्षित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।





