प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। इसे लेकर अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप वे आज शुक्रवार 11 अप्रैल को मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में स्थित ईसागढ़ तहसील आ रहे हैं। यहां पीएम मोदी आनंदपुर धाम जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरु जी महाराज मंदिर में दर्शन करने के साथ ही पूजा-अर्चना भी करेंगे। इसके बाद वे आनंदपुर धाम स्थित मंदिर परिसर का भ्रमण करेंगे।
- PM मोदी का मध्यप्रदेश दौरा आज
- अशोकनगर के आनंदपुर धाम आएंगे PM
- PM मोदी तीन मंदिरों के करेंगे दर्शन
- गुरु से मिलकर सत्संग में लेंगे भाग
- दोपहर करीब 3 बजे यहां पहुंचेंगे PM
- गुरु से भेंट,सत्संग कार्यक्रम में होंगे शामिल
देश ही नहीं दुनिया भर में हैं आश्रम के अनुयायी
आज 11 अप्रैल का दिन अशोकनगर स्थित श्री आनंद धाम आश्रम के लिए खास होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्यप्रदेश के अशोकनगर स्थित इस आनंद धाम आश्रम में आ रहे हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी धाम में होने वाले वैशाखी उत्सव में भी शामिल होंगे। बता दें प्रधानमंत्री मोदी जिस आनंद धाम आश्रम में आ रहे हैं, उस धाम की दुनिया ही सबसे अलग है। तीन निजी बस स्टैंड हैं। स्वयं की फायर ब्रिगेड है तो वही धाम में बेहद खूबसूरत गार्डन भी है। करीब 95 साल पहले महज एक टपरी से शुरू हुआ आश्रम का सफर अब एमपी के ईसागढ़ के पास करीब 1500 बीघा तक फैल चुका है। आश्रम के अनुयायी देश ही नहीं बल्कि अब तो दुनिया के कई देशों में हैं।
315 हेक्टेयर में फैला है आनंदपुर धाम
अशोकनगर जिले में स्थित आनंदपुर धाम की स्थापना आध्यात्मिक और पारमार्थिक उद्देश्य से की गई थी। यह 315 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है। आनंदपुर धाम में आधुनिक गौशाला का भी संचालन किया जा रहा है। जिसमें करीब 500 से अधिक गौवंश रखे गये हैं। इतना ही नहीं आनंदपुर ट्रस्ट यहां खेती का कार्य भी कर रहा है।
बीमार के उपचार की भी व्यवस्था
ईसागढ़ तहसील के ग्राम सुखपुर में 1977 से श्री आनन्दपुर ट्रस्ट की ओर से चैरिटेबल अस्पताल संचालित है। यहां मरीजों के लिए करीब 125 बिस्तरों की व्यवस्था है। अस्पताल के ओपीडी में हरदिन करीब 600 मरीजों का उपचार किया जाता है। ओ.पी.डी का संचालन व्यवस्थित तरीके से किया जाता है। यहां एमडी फिजिशियन ही नहीं डेंटल स्पेशलिस्ट, एम.एस. आर्थोपेडिक, एमएस जनरल सर्जरी,फिजियोथेरेपिस्ट, कॉर्डियोलॉजिस्ट, और नेत्र सर्जन भी पदस्थ हैं। साल में यहां विशेष स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया जाता है।
बच्चों को किया जा रहा शिक्षित
श्री आनन्दपुर धाम ट्रस्ट की ओर से यहां सुखपुर में आनंद प्राइमरी स्कूल और आनंद मिडिल स्कूल आनंदपुर के साथ आनंद मिडिल स्कूल का भी संचालन किया जाता है। जिसमें बच्चों को पढ़ाने के लिए 62 शिक्षक और शिक्षिकाओं को पदस्थ किया गया है। यहां करीब 1215 विद्यार्थी अध्यनरत हैं।
दिल्ली से एमपी तक हैं आश्रम के सत्संग केन्द्र
श्री आनंदपुर ट्रस्ट के अन्य महत्वपूर्ण सत्संग केन्द्र श्री प्रयागधाम जिला पुणे, श्री आनंदपुर सत्संग ट्रस्ट जम्मू, अमरधाम चैम्बूर मुम्बई महाराष्ट्र, विवेक धाम बैंगलुरू कर्नाटक, स्वरूप धाम पथरीताल गोंडा यूपी, आनंदधाम पंचगुणी जिला सतारा महाराष्ट्र, आनंदधाम वसंतकुंज—दिल्ली और श्री संतनगर जिला धौलपुर राजस्थान में भी संचालित किया जाता है। मध्यप्रदेश की बात करें तो ट्रस्ट की ओर से यहां पुनीत धाम शिवपुरी, परमधाम ग्वालियर और सुखधाम इंदौर में सत्संग केन्द्र स्थापित किये गये हैं। श्री आनंदपुर ट्रस्ट और इसके दूसरे आश्रमों में वैशाखी के साथ गुरु पूर्णिमा, दीपावली, मकर संकाति और श्री परमहंस जी का जन्मोत्सव पर्व के रुप में उत्साह के साथ मनाया जाता है।…प्रकाश कुमार पांडेय