वायरल होने की सनक, सड़क पर मौत का न्योता…गाजियाबाद NH -9 पर रील बनाती महिलाओं की तलाश में पुलिस

ReelOnTheHighway

वायरल होने की सनक, सड़क पर मौत का न्योता

एनएच-9 पर रील बनाती महिलाओं की तलाश में पुलिस

वैसे तो प्रसिद्धि पाने के लिए अजीबो-गरीब और कभी-कभी हास्यास्पद हरकतें करना कोई नई बात नहीं है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल होने का जुनून अब खतरनाक मोड़ ले चुका है। लाइक, व्यू और फॉलोअर्स की दौड़ में लोग न सिर्फ अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं, बल्कि सड़क पर चल रहे निर्दोष लोगों की जिंदगी को भी दांव पर लगाने से नहीं हिचक रहे। गाजियाबाद में सामने आया ताजा मामला इसी खतरनाक ट्रेंड की एक और बानगी है।

गाजियाबाद के एनएच-9 पर एक लग्जरी कार में सवार दो महिलाओं का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों महिलाएं चलती कार में रील बनाती और फिल्मी गाने पर थिरकती नजर आ रही हैं। खास बात यह है कि कार तेज रफ्तार में दिल्ली की ओर बढ़ रही है और वाहन स्वयं एक महिला चला रही है, जो बीच-बीच में स्टेयरिंग व्हील छोड़कर डांस करती दिखाई देती है। यह लापरवाही किसी भी पल एक बड़े हादसे में तब्दील हो सकती थी।

X पर वीडियो वायरल, पुलिस अलर्ट

वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। किसी ने लिखा—“खुद तो मरेंगी, दूसरों को भी मारेंगी”, तो किसी ने इसे खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ाना बताया। वीडियो के साथ कार का नंबर UP14FR5113 भी स्पष्ट रूप से वायरल हो गया है। बताया जा रहा है कि यह वाहन एक महिंद्रा एसयूवी है।

वीडियो वायरल होते ही मामला लखनऊ तक पहुंच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने गाजियाबाद पुलिस को तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब वायरल रील में नजर आ रही महिलाओं की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुट गई है। सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए कुछ यूजर्स ने लिखा है—“अब देखना है पुलिस कब तक ‘छम्मक छल्लो’ तक पहुंचती है।” गौरतलब है कि X पर वायरल इस पोस्ट को महज 20 घंटे के भीतर ही 2.68 लाख से अधिक व्यू मिल चुके हैं। पोस्ट में यूपी पुलिस, गाजियाबाद पुलिस और दिल्ली पुलिस को भी टैग किया गया है, जिससे दबाव और बढ़ गया है।

वायरल होने की चाह, किसी की जान पर भारी न पड़ जाए

यह मामला सिर्फ एक वीडियो या रील का नहीं है, बल्कि उस मानसिकता का है जिसमें लोग क्षणिक प्रसिद्धि के लिए हर सीमा लांघने को तैयार हैं। जिस कार में यह महिलाएं सवार थीं, उसकी पिछली सीट से वीडियो शूट किया गया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि वाहन तेज गति में है, ट्रैफिक भी मौजूद है, इसके बावजूद चालक सीट पर बैठी महिला डांस में मशगूल है। सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की हरकतें न केवल मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन हैं, बल्कि सामूहिक सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा हैं। एक छोटी-सी चूक कई परिवारों की खुशियां छीन सकती है।

इंदिरापुरम का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा

गौर करने वाली बात यह है कि गाजियाबाद में यह पहला मामला नहीं है। अभी हाल ही में इंदिरापुरम क्षेत्र में सीआईएसएफ रोड पर रील बनाने के चक्कर में तीन युवकों ने हंगामा खड़ा कर दिया था। सोनीपत से आए ये युवक सनरूफ खोलकर चलते वाहन में रील बना रहे थे। जब एक कैब सामने आ गई तो उन्होंने कैब चालक को घेर लिया और उसकी जान तक लेने पर उतारू हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदिरापुरम थाना पुलिस ने तीनों रीलबाजों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह कार्रवाई एक कड़ा संदेश मानी जा रही थी, लेकिन इसके बावजूद लोग सबक लेने को तैयार नहीं दिख रहे हैं।

पुलिस की चेतावनी और कानून का सख्त रुख

गाजियाबाद पुलिस का कहना है कि सड़क पर इस तरह की रील बनाना कानूनन अपराध है। इसमें न सिर्फ भारी जुर्माना बल्कि ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण और जेल तक का प्रावधान है। पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि वायरल होने की चाह में कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वीडियो किस तारीख और समय का है, वाहन किसके नाम पर पंजीकृत है और उस समय कार में कौन-कौन मौजूद था। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि ट्रैफिक नियमों के कौन-कौन से प्रावधानों का उल्लंघन हुआ है।

समाज को भी करना होगा आत्ममंथन

विशेषज्ञ मानते हैं कि केवल पुलिस कार्रवाई से इस समस्या का समाधान नहीं होगा। समाज और सोशल मीडिया यूजर्स को भी ऐसे कंटेंट को हतोत्साहित करना होगा। जब तक खतरनाक वीडियो पर लाइक, शेयर और व्यू मिलते रहेंगे, तब तक ऐसे स्टंट रुकने वाले नहीं हैं।यह जरूरी है कि लोग समझें—रील कुछ सेकंड की हो सकती है, लेकिन उसका अंजाम जिंदगी भर का हो सकता है। सड़क मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि जिम्मेदारी की जगह है। फिलहाल गाजियाबाद पुलिस की नजर वायरल रील पर है और इंतजार इस बात का है कि वायरल होने की चाह में कानून तोड़ने वाली ये महिलाएं कब कानून के शिकंजे में आती हैं।

Exit mobile version