बिहार विधानसभा चुनाव 2025: पीएम मोदी आज आ रहे हैं सीवान….9518 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात देकर करेंगे चुनावी शंखनाद

बिहार विधानसभा चुनाव 2025: पीएम मोदी आज आ रहे हैं सीवान….9518 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात देकर करेंगे चुनावी शंखनाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून 2025 को बिहार के सीवान जिले के जसौली गांव में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और साथ ही 9518 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। यह कार्यक्रम बिहार में इस वर्ष प्रधानमंत्री का पांचवां दौरा है और बीते 20 दिनों में दूसरी बार वे बिहार आ रहे हैं। इस मौके पर पीएम मोदी बिहारवासियों को 5736 करोड़ की नई परियोजनाओं की सौगात देंगे और एक नई वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे। पीएम मोदी बिहार के सीवान जाने से पहले यूपी के कुशीनगर जाएंगे। वहां से बिहार के लिए उड़ान भरेंगे।

पीएम नरेन्द्र मोदी आज शुक्रवार 20 जून को बिहार आ रहे हैं। बिहार के सीवान में पीएम की रैली होने वाली है। पीएम की रैली को लेकर सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। पीएम मोदी की सुरक्षा के लिए यहां पर ‘रेड जोन’ घोषित किया है। जिसमें बेहद कड़ा पहरा होगा। वहीं सारण जिले में भी करीब 199 चौक-चौराहों पर पुलिस बल को तैनात किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 20 जून को बिहार के सिवान जिले के जसौली गांव में जनसभा को संबोधित करने आ रहे हैं। यह रैली न केवल एक राजनीतिक आयोजन होगा बल्कि बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव 2025 के लिए इसे बीजेपी का निर्णायक शंखनाद माना जा रहा है। इस रैली के बहाने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक साथ कई मोर्चों पर संदेश दे सकते हैं। राज्य में विकास की योजनाओं का उल्लेख होगा, राजनीतिक विपक्ष पर तीखा हमला और पूर्वी भारत को प्राथमिकता देने की रणनीति है।

पीएम विकास की देंगे सौगात

पीएम मोदी कुल 9518 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसमें रेलवे, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई योजनाएं शामिल हैं। नई वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा, जिससे बिहार के यात्रियों को आधुनिक और तेज रेल सेवा मिलेगी। ये योजनाएं सीवान समेत पूरे सारण प्रमंडल के विकास को गति देने का कार्य करेंगी।

जसौली में ऐतिहासिक जनसभा की तैयारी
प्रधानमंत्री की जनसभा को लेकर बीजेपी और जिला प्रशासन दोनों ने व्यापक तैयारियां की हैं। 5 बड़े शेड बनाए गए हैं। जिनमें से हर एक में 60 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। जनसभा स्थल पर सुरक्षा और सुविधा को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं। सीएम नीतीश कुमार भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे और पीएम मोदी के साथ रोड शो कर सकते हैं।

स्कूल, कोचिंग सेंटर बंद रखने के आदेश

जिला मजिस्ट्रेट आदित्य प्रकाश ने आदेश जारी कर 20 जून को सीवान के सभी सरकारी/निजी स्कूल, कोचिंग, आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने को कहा है। कारण बताया गया है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के चलते यातायात दबाव बढ़ेगा, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी हो सकती है। गर्मी और भीड़ को ध्यान में रखते हुए एहतियातन यह फैसला लिया गया है।

PM का दौरा—जनभागीदारी और विकास का प्रतीक

सीवान और आसपास के इलाकों में पीएम मोदी के आगमन को लेकर भारी उत्साह है। हर वर्ग के लोग इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। बीजेपी नेताओं के अनुसार, यह जनसभा ऐतिहासिक होगी और मोदी सरकार की समावेशी विकास नीति का प्रमाण बनेगी।

राजनीतिक प्रतिक्रिया भी शुरू

राजद सांसद मनोज कुमार झा ने इस आदेश को लेकर सरकार पर निशाना साधा और ट्वीट में कहा, “पढ़ेगा इंडिया तो बढ़ेगा इंडिया की असली तस्वीर सामने है।” सोशल मीडिया पर इसे चुनावी दौरा और शिक्षा में बाधा के रूप में देखा जा रहा है। —-(प्रकाश कुमार पांडेय)

Exit mobile version