लाल किले की प्राचीर से पीएम मोदी का बड़ा ऐलान…जीएसटी की होगी समीक्षा,दीवाली मिलेगा देश को ये डबल तोहफा
ऑपरेशन सिंदूर के आज 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर 100 दिन भी पूरे हो रहे हैं। ऐसे में लाल किले की प्राचीर से स्वतंत्रता दिवस 2025 को पीएम नरेन्द्र मोदी ने देश के नाम अपने संबोधन में जहां ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख किया और पाकिस्तान को उसकी औकात दिखाई वहीं पीएम ने राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ आर्थिक विकास और अब तक के अपने कार्यकाल में लागू की गई कल्याणकारी योजनाओं के विस्तार पर जोर दिया।
लाल किले से पीएम मोदी का संदेश
अपनी लकीर बढ़ाने पर दें ध्यान
दूसरों को छोटा करने पर नहीं
दिवाली पर मिलेगा डबल तोहफा — बोले पीएम मोदी
लालकिले की प्राचीर से पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म के लिए टास्क फोर्स के गठन करने का फैसला किया है। सरकार का उद्देश्य अब हर तरह के सुधार है। पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि इस बार वे दिवाली 2025 में आपकी डबल दिवाली करने वाले हैं। देशवासियों को दीपावली पर बड़ा तोहफा मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जीएसटी की दरों की फिर से समीक्षा हो। ऐसे में हम नई जेनरेशन का जीएसटी रिफॉर्म लागू करने वाले हैं। जिससे सामान्य लोगों के लिए कर की दर कम होगी। इसके साथ ही जीएसटी की दरें भारी मात्रा में कम होने वाली हैं।
देश भर में आज विकसित भारत रोजगार योजना लागू
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से दिए भाषण में कहा कि देश के युवाओं के लिए बड़ी खबर है। पीएम ने कहा आज शुक्रवार 15 अगस्त 2025 से ही मेरे देश के नौजवान युवाओं के लिए 1 लाख करोड़ की योजना शुरू की जा रही है। देश भर में आज से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना को लागू कर दिया गया है। पीएम मोदी ने कहा कि इससे निजी क्षेत्र में पहली नौकरी करने वाले युवक युवतियों को 15 हजार रुपये सरकार की ओर से दिए जाएंगे। इस योजना से देश के 3.5 करोड़ युवाओं को रोजगार मिलेगा।
प्रतिस्पर्धा और वैश्विक चुनौतियां…हमें बढ़ाना होगी अपनी क्षमता
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा हमें अपनी ऊर्जा दूसरों को पीछे खींचने में नहीं खर्च नहीं करना है, बल्कि हमें अपनी प्रगति में अपनी उर्जा लगानी चाहिए। पीएम ने स्पष्ट किया कि प्रतिस्पर्धा और वैश्विक चुनौतियों का दौर है। ऐसे में हमें अपनी क्षमताओं को बढ़ाकर आगे बढ़ना होगा। मोदी ने कहा, “बीता दशक सुधार, प्रदर्शन और बदलाव का रहा है, लेकिन अब और अधिक ताकत के साथ नए लक्ष्य हासिल करने का समय है।”
आत्मनिर्भरता में सर्वश्रेष्ठ बनना समय की मांग
प्रधानमंत्री ने जोर दिया कि आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य केवल किसी राजनीतिक दल का एजेंडा नहीं, बल्कि हर भारतीय का कर्तव्य है। उन्होंने देश के उद्योग जगत, प्रभावशाली व्यक्तियों और नागरिकों से ‘वोकल फॉर लोकल’ को साकार करने की अपील की। मोदी ने कहा, “EV युग में कीमत कम और गुणवत्ता अधिक का मंत्र अपनाना होगा। साथ ही उत्पादन लागत कम करने पर भी ध्यान देना होगा।”
नया इतिहास रचने का अवसर: पीएम मोदी
मोदी ने बताया कि मुद्रा योजना के तहत लोग ऋण लेकर उद्यमिता की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं और सरकार व्यापारिक नियमों में आवश्यक बदलाव कर रही है। उन्होंने कहा, “2047 का भारत बनाने के लिए हर पल कीमती है। सरकार आपके साथ है, और मिलकर हम नया इतिहास बना सकते हैं। हमारे MSME की ताकत को दुनिया मान रही है, हमें वैश्विक बाजार में अपनी गुणवत्ता से पहचान बनानी है।”
‘मेड इन इंडिया’ फाइटर जेट इंजन की आवश्यकता
प्रधानमंत्री ने तकनीकी विकास पर जोर देते हुए कहा कि जैसे कुछ देशों ने तकनीक के सहारे नई ऊंचाइयां हासिल कीं, वैसे ही भारत भी आगे बढ़ रहा है। उन्होंने गगनयान मिशन, स्पेस सेंटर निर्माण और डीप सी मिशन का जिक्र किया। उन्होंने युवाओं और इंजीनियरों से आह्वान किया, “क्या भारत का अपना लड़ाकू विमान इंजन नहीं होना चाहिए? होना चाहिए, और हमें यह लक्ष्य जरूर पूरा करना है।”
10 नए न्यूक्लियर रिएक्टर निर्माणाधीन
परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में हो रही प्रगति पर प्रधानमंत्री ने कहा कि 10 नए न्यूक्लियर रिएक्टर पर काम चल रहा है और इस क्षमता को दस गुना बढ़ाने की योजना है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में अब निजी कंपनियों को भी अवसर दिए जा रहे हैं।
सेमीकंडक्टर और ऊर्जा में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दशकों पहले शुरू हुई सेमीकंडक्टर निर्माण की योजना लंबे समय तक फाइलों में अटकी रही, लेकिन अब भारत में छह इकाइयां बन चुकी हैं और चार और परियोजनाओं को मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने घोषणा की कि इस साल के अंत तक भारत में निर्मित सेमीकंडक्टर चिप्स बाजार में उपलब्ध होंगी। ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि बीते 11 वर्षों में सौर ऊर्जा उत्पादन 30 गुना बढ़ा है और देश को पेट्रोल, डीजल व गैस आयात पर निर्भरता घटानी होगी।




