30 सितंबर को मुंबई जाएंगे पीएम मोदी…वर्ली से कफ परेड तक अंडरग्राउंड मेट्रो का करेंगे उद्घाटन, यात्रियों को मिलेगा बड़ा तोहफ़ा
मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 सितंबर को मुंबई पहुंचेंगे और यहां वर्ली से कफ परेड तक की अंडरग्राउंड मेट्रो लाइन का उद्घाटन करेंगे। यह परियोजना मुंबईवासियों के लिए एक बड़ी सौगात मानी जा रही है। मेट्रो का पहला फेज (सिप्ज एमआईडीसी से आचार्य अत्रे स्टेशन तक) पहले से ही शुरू हो चुका है, वहीं अब दूसरा फेज (वर्ली से कफ परेड तक) आम लोगों के लिए खोला जाएगा।
33.5 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन
मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक इस प्रोजेक्ट की कुल लंबाई 33.5 किमी है। इसमें 27 स्टेशन होंगे, जिनमें से 26 स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे। पहला चरण आरे से वर्ली तक 22.5 किमी पहले ही चालू। दूसरा चरण कफ परेड से वर्ली तक 11 किमी अब शुरू होगा। इस पूरी लाइन के शुरू होने से कोलाबा से आरे कॉलोनी तक की यात्रा एक घंटे से कम में पूरी हो सकेगी।
यात्रियों को होगा बड़ा लाभ
अभी तक सड़क मार्ग से यह सफर 2-3 घंटे का होता है। मेट्रो की शुरुआत से समय की बड़ी बचत होगी। आधुनिक ट्रेन और अंडरग्राउंड स्टेशनों के कारण यात्रा आरामदायक और सुविधाजनक होगी।
विकास के बड़े विज़न को दर्शाता है पीएम का दौरा— सीएम फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मेट्रो को मुंबईवासियों के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि “यह एशिया की सबसे बड़ी परियोजना है। बीडीडी चॉल से लेकर गिरगांव तक पुनर्विकास कार्यों का जिक्र करते हुए विपक्ष पर विकास रोकने का आरोप लगाया। “2000 के बाद विपक्ष ने मुंबई को पीछे रखने की कोशिश की, लेकिन मोदी सरकार ने मुंबई को स्टार्टअप कैपिटल बना दिया।
स्टार्टअप हब और डेटा सेंटर का जिक्र
फडणवीस ने कहा कि पिछले 10 सालों में पीएम मोदी के नेतृत्व में मुंबई स्टार्टअप की राजधानी बनी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाला बड़ा बदलाव डेटा सेंटर इंडस्ट्री है और उसकी 60% क्षमता महाराष्ट्र में पूरी हो रही है। पीएम मोदी का यह दौरा न केवल मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए अहम है बल्कि यह महाराष्ट्र में विकास के बड़े विज़न को भी दर्शाता है।