Middle East Crisis: मिडिल ईस्ट तनाव के बीच PM मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति से की बातचीत, नागरिकों की सुरक्षा और तेल आपूर्ति पर जताई चिंता

Middle East Crisis: मिडिल ईस्ट तनाव के बीच PM मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति से की बातचीत, नागरिकों की सुरक्षा और तेल आपूर्ति पर जताई चिंता

शांति और बातचीत के प्रति भारत की प्रतिबद्धता पर ज़ोर देते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन के साथ टेलीफ़ोन पर हुई बातचीत में मध्य-पूर्व में बिगड़ती स्थिति पर “गहरी चिंता” व्यक्त की। पीएम मोदी ने जान माल के नुकसान पर चिंता जताई । पिछले महीने इरान के साथ इजराइल और अमेरिका का संघर्ष शुरू होने के बाद से दोनों नेताओं के बीच यह पहला सीधा संपर्क था।

PM मोदी ने X पर देर रात किए गए एक पोस्ट में कहा, “क्षेत्र में गंभीर स्थिति पर चर्चा करने के लिए ईरानी राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेज़ेशकियन के साथ बातचीत हुई। तनाव बढ़ने, आम नागरिकों की जान जाने और नागरिक बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त की।”

“भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और संरक्षा, साथ ही सामान और ऊर्जा के निर्बाध आवागमन की आवश्यकता, भारत की सर्वोच्च प्राथमिकताएं बनी हुई हैं। भारत ने शांति और स्थिरता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और संवाद तथा कूटनीति का आग्रह किया,” प्रधानमंत्री ने आगे कहा।

फरवरी अंत में शुरू हुआ था युद्ध
पिछले 10 दिनों में, अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान के खिलाफ शुरू किए गए समन्वित हमले के मद्देनज़र, PM मोदी ने पश्चिम एशिया के कई देशों के नेताओं से बात की है। इस हमले में, 28 फरवरी को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या कर दी गई थी, जिसके कारण एक युद्ध छिड़ गया जो पूरे मध्य पूर्व में फैल गया। ईरान ने इसके जवाब में इज़राइल और खाड़ी क्षेत्र के आसपास मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, जिसमें दुबई और दोहा जैसे वैश्विक व्यापार और विमानन केंद्र भी शामिल थे।

हो सकती है कच्चे तेल की किल्लत
होर्मुज़ जलडमरूमध्य के आस-पास जहाज़ों की आवाजाही लगभग ठप हो गई है। इसी रास्ते से दुनिया का पाँचवाँ हिस्सा तेल और लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) गुज़रता है। इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात और इराक के तट के पास खाड़ी में तीन और जहाज़ों पर हमला हुआ है।

भारत दुनिया में लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार है। इसकी 90 प्रतिशत सप्लाई होर्मुज़ जलडमरूमध्य से होकर गुज़रती है, जहाँ अब जहाज़ों की आवाजाही लगभग पूरी तरह से रुक गई है।
इसका असर भारत के रेस्टोरेंट भी पर सीधा दिखाई दे रहा है। इस संघर्ष की मार झेल रहे हैं, क्योंकि उन्हें खाना पकाने वाली गैस की कमी का सामना करना पड़ रहा है।
हांलाकि सरकार ने जनता को सुनिश्चित किया है कि जनता को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पडेगा । बुधवार को PM मोदी ने कहा कि “घबराने की कोई ज़रूरत नहीं है।” सरकार ने एक कमेटी बनाई है, जो खाना पकाने वाली गैस की सप्लाई बढ़ाने के लिए इंडस्ट्री की तरफ़ से की गई अपील की समीक्षा करेगी।

ईरान के एक शीर्ष सैन्य अधिकारी ने कल चेतावनी दी कि देश एक लंबा युद्ध छेड़ सकता है जो दुनिया की अर्थव्यवस्था को “तबाह” कर देगा, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ज़ोर देकर कहा कि ईरान को जल्द ही हार का सामना करना पड़ेगा।

भारत ने किया मिडिल ईस्ट के देशों से संवाद
प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले मिडिल ईस्ट के देशों से संवाद किया। उन्होंने ओमान, कुवैत, बहरीन, सऊदी अरब, UAE, जॉर्डन, इज़राइल और कतर के नेताओं से बात की थी, और उनके देशों पर हुए हमलों पर चिंता जताई थी, तथा कुछ देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के उल्लंघन की निंदा की थी।

खाड़ी देशों में रह रहे भारतीयों की चिंता
खाड़ी और पश्चिम एशिया में लगभग 1 करोड़ भारतीय रहते हैं। जहाँ ईरान में लगभग 10,000 भारतीय नागरिक रहते हैं, पढ़ाई करते हैं और काम करते हैं, वहीं इज़राइल में 40,000 से ज़्यादा लोग रहते हैं। विदेश मंत्रालय ने एक प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि दिन में इससे पहले, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची से बात की, ताकि शिपिंग की सुरक्षा और ऊर्जा सुरक्षा पर चर्चा की जा सके।यह ब्रीफिंग ईरान और ओमान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य के अहम जलमार्ग में कमर्शियल जहाजों पर हुए लगातार हमलों के बाद हुई। यह जलमार्ग दुनिया के तेल व्यापार का एक मुख्य रास्ता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जायसवाल ने बताया कि चर्चा का मुख्य मकसद जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना और इस क्षेत्र से ऊर्जा की सप्लाई को स्थिर बनाए रखना था। जायसवाल ने कहा, “विदेश मंत्री और ईरान के विदेश मंत्री के बीच हाल के दिनों में तीन बार बातचीत हुई है। आखिरी बातचीत में जहाजों की सुरक्षा और भारत की ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके अलावा, मेरे लिए अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।”

मंत्रालय ने यह भी पुष्टि की कि लगभग 9,000 भारतीय नागरिक—जिनमें छात्र, नाविक, पेशेवर, कारोबारी और तीर्थयात्री शामिल हैं—अभी ईरान में मौजूद हैं, और देश में सुरक्षा चिंताओं के बीच उन्हें हर संभव मदद दी जा रही है।

 

Exit mobile version