पीएम मोदी का पंजाब दौरा: बाढ़ प्रभावित इलाकों का लेंगे जायजा, 9 सितंबर को पहुंचेंगे गुरदासपुर
पंजाब इन दिनों बाढ़ की भीषण त्रासदी से जूझ रहा है। राज्य के लगभग 2 हजार गांव जलमग्न हैं, 2 लाख हेक्टेयर से ज्यादा की फसलें बर्बाद हो चुकी हैं और अब तक 46 लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार, 9 सितंबर को पंजाब का दौरा करेंगे। इस दौरान वे गुरदासपुर और आसपास के प्रभावित इलाकों का हवाई व जमीनी निरीक्षण करेंगे।
- पीएम मोदी का पंजाब दौरा
- 9 सितंबर को पीएम मोदी करेंगे पंजाब का दौरा
- गुरदासपुर में लेंगे हालात का जायजा
- प्रभावित किसानों और लोगों से करेंगे मुलाक़ात
- बाढ़ से मरने वालों की संख्या 46 पहुंची
- बाढ़ से बेहाल पंजाब
17 अगस्त के बाद से लगातार बारिश और नदियों के उफान ने पंजाब में हालात गंभीर बना दिए हैं। सतलुज, ब्यास और रावी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। करीब 2 हजार गांव पूरी तरह पानी में डूबे हैं। लाखों लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए और अस्थायी राहत शिविरों में रह रहे हैं। राज्य सरकार का कहना है कि अब तक पंजाब को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
पीएम मोदी से बड़ी राहत की उम्मीद
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर पंजाब के लोगों में उम्मीदें बढ़ गई हैं। माना जा रहा है कि पीएम बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत पैकेज या आर्थिक मदद की घोषणा कर सकते हैं। पंजाब सरकार पहले ही राज्य को आपदाग्रस्त घोषित कर चुकी है और केंद्र से 60 हजार करोड़ रुपये के पैकेज की मांग की है। मोदी सरकार बाढ़ से प्रभावित किसानों और विस्थापित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए त्वरित सहायता योजना ला सकती है।
सेना और प्रशासन कर रहे हैं बचाव कार्य
राज्य प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना और बीएसएफ लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। अब तक 22,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। 200 से ज्यादा राहत शिविर बनाए गए हैं, जहां हजारों परिवार शरण लिए हुए हैं। धान, मक्का और गन्ने की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। घग्गर और ब्यास नदी का जलस्तर अब भी खतरे के निशान से ऊपर है।
बॉलीवुड भी आया आगे
बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए न सिर्फ सरकार बल्कि बॉलीवुड सितारे भी आगे आए हैं। सुपरस्टार सलमान खान ने प्रभावित गांवों को गोद लेने का ऐलान किया है। अन्य कलाकारों और सामाजिक संस्थाओं ने भी राहत सामग्री व आर्थिक सहयोग देना शुरू किया है।
राजनीतिक दृष्टि से भी अहम दौरा
पंजाब का यह दौरा सिर्फ राहत कार्य तक सीमित नहीं माना जा रहा। बाढ़ के बीच प्रधानमंत्री का यह कदम राजनीतिक रूप से भी अहम संदेश माना जा रहा है। लोकसभा चुनावों से पहले पंजाब में यह दौरा केंद्र सरकार की संवेदनशीलता और त्वरित प्रतिक्रिया को दर्शाता है। अब निगाहें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 सितंबर के दौरे पर टिकी हैं। बाढ़ की मार झेल रहे लाखों लोगों को उनसे बड़े राहत पैकेज की उम्मीद है। (प्रकाश कुमार पांडेय)