पीएम मोदी ने मधुबनी में किये वादे को किया पूरा …कहा आतंकियों के ठिकानों को खंडहर बना दिया
पीएम नरेंद्र मोदी ने बिहार के रोहतास जिले के बिक्रमगंज में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया और आतंकवाद के खिलाफ अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने मधुबनी की धरती से जो वादा किया था। उसे निभाकर वे आज वचन निभाने वाले भारत की भावना को साथ लेकर बिहार लौटे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “प्राण जाए पर वचन ना जाए। यह प्रभु श्रीराम की रीति है, और आज के नए भारत की नीति भी यही है।” उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पहलगाम हमले के बाद उन्होंने बिहार की धरती से जो संकल्प लिया था—आतंकियों को मिट्टी में मिलाने का—उसे पूरा किया गया है।
आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई का ज़िक्र
हालांकि प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर का सीधा नाम नहीं लिया, पर उन्होंने उसके परिणामों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की सेना ने आतंकियों के ठिकानों को खंडहर में बदल दिया है। उन्होंने इसे भारत की बेटियों के “सिंदूर की शक्ति” से जोड़ते हुए कहा कि आज दुनिया ने भारत की शक्ति को देखा है और पाकिस्तान ने भी इसका असर महसूस किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा उन्होंने देश को वचन दिया था। बिहार की धरती पर आंख में आंख मिलाकर कह यह कहाा था कि आतंकियों के ठिकानों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा। चुन चुनकर बदला लिया जायेगा। आज जब वे बिहार वापस आये हैं तो अपना वचन पूरा करने के बाद आये हैं।
पीएम ने दी परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री मोदी ने लगभग 50,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इन योजनाओं में बुनियादी ढांचे, परिवहन, बिजली, और ग्रामीण विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं, जो बिहार के विकास को नई गति देंगी।
पीएम की जनसभा में उमड़ा जनसैलाब
बिक्रमगंज की रैली में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 50,000 से अधिक लोग इस सभा में मौजूद थे। प्रधानमंत्री के भाषण के दौरान कई बार ‘मोदी-मोदी’ के नारे गूंजते रहे। इस आयोजन को आगामी लोकसभा चुनाव 2025 के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
नई भारत की छवि
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज का भारत कायरता नहीं, प्रतिकार में विश्वास करता है। “हम आज सिर्फ बात नहीं करते, बल्कि जवाब भी देते हैं – और वो ऐसा कि दुश्मन याद रखे,” उन्होंने कहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की धरती से एक बार फिर यह संदेश दिया कि नया भारत वचन निभाने वाला भारत है। उनके इस दौरे से न केवल बिहार के विकास कार्यों को बल मिला है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और आत्मसम्मान को लेकर सरकार की दृढ़ नीति को भी जनता के सामने स्पष्ट रूप से रखा गया है।…





