देश को मिलीं चार नई वंदे भारत ट्रेन….वाराणसी से खजुराहो के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस रवाना, PM मोदी ने दिखाई हरी झंडी

PM Modi flags off Vande Bharat Express between Varanasi and Khajuraho

देश को मिलीं चार नई वंदे भारत ट्रेन….पीएम मोदी काशी से दिखाई हरी झंडी…यूपी के हिस्से में दो वंदे भारत ट्रेन

वाराणसी से खजुराहो के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस रवाना, PM मोदी ने दिखाई हरी झंडी

उत्तर प्रदेश को रेल संपर्क के क्षेत्र में एक और बड़ी सौगात मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के अलग अलग हिस्सों के लिए वाराणसी से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। जिसमें दो ट्रेन यूपी के हिस्से में आई हैं। इनमें से एक ट्रेन लखनऊ से सहारनपुर (वाया सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद) और दूसरी वाराणसी से खजुराहो के बीच चलाई जाएगी। इससे न केवल व्यापारिक वर्ग को लाभ मिलेगा बल्कि तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों की आवाजाही भी आसान होगी।

वाराणसी रेलवे स्टेशन से शनिवार को वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्टेशन पर इस मौके पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। यात्रियों और स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह नजर आया। प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर पीएम मोदी की एक झलक पाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि काशी-खजुराहो वंदे भारत के साथ ही फिरोजपुर-दिल्ली, लखनऊ-सहारनपुर और एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत ट्रेनों को भी आज रवाना किया गया है। उन्होंने बताया कि अब देश में 160 से अधिक नई वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं, जो रेल यात्रा के अनुभव को नई ऊंचाई दे रही हैं।

भारतीय रेलवे की अगली पीढ़ी की नींव तैयार कर रही हैं ट्रेन-पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनें भारतीय रेलवे की अगली पीढ़ी की नींव तैयार कर रही हैं। यह केवल रेल परियोजनाएं नहीं, बल्कि भारतीय रेलवे को आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने का राष्ट्रीय अभियान है। उन्होंने वंदे भारत ट्रेन को “भारतीयों की, भारतीयों द्वारा और भारतीयों के लिए बनाई गई ट्रेन” बताते हुए कहा कि इस पर हर भारतीय को गर्व होना चाहिए। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वंदे भारत जैसी हाई-टेक ट्रेनों से देश के पर्यटन, रोजगार और आर्थिक विकास को नई गति मिल रही है। वाराणसी से खजुराहो के बीच यह नई कड़ी विकसित भारत की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।

पहली ट्रेन — लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, ट्रेन संख्या 26503/26504 लखनऊ–सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस सोमवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन दोनों ओर से चलेगी।

लखनऊ जंक्शन से प्रस्थान: सुबह 5:00 बजे
सहारनपुर आगमन: दोपहर 12:45 बजे
सहारनपुर से वापसी: दोपहर 3:00 बजे
लखनऊ वापसी: रात 11:00 बजे

यह ट्रेन सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद और सहारनपुर जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ते हुए चलेगी। इससे व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, खासकर लखनऊ–मुरादाबाद के बीच अप-डाउन करने वालों को। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस मार्ग पर वंदे भारत शुरू होने से यात्रा का समय करीब तीन घंटे कम हो जाएगा। ट्रेन में अत्याधुनिक वातानुकूलित कोच, ऑनबोर्ड कैटरिंग सुविधा और वाईफाई कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं होंगी।

दूसरी ट्रेन — वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस

ट्रेन संख्या 26421/26422 वाराणसी–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस को रोजाना चलाया जाएगा।

वाराणसी से प्रस्थान: सुबह 5:25 बजे
खजुराहो आगमन: दोपहर 12:00 बजे के आसपास
खजुराहो से वापसी: दोपहर 3:20 बजे

यह ट्रेन वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, सतना और खजुराहो जैसे धार्मिक और पर्यटन स्थलों को जोड़ेगी। रेलवे के अनुसार, यह रूट उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच तीर्थ और पर्यटन के लिए “धार्मिक सर्किट ट्रेन” के रूप में विकसित होगा।

चार धार्मिक स्थलों को जोड़ेगी नई वंदे भारत

इन दोनों ट्रेनों के शुरू होने से वाराणसी, चित्रकूट, झांसी और हरिद्वार-सहारनपुर क्षेत्र के धार्मिक स्थलों तक सीधा संपर्क संभव होगा। सरकार का लक्ष्य है कि वंदे भारत ट्रेनों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक सर्किट से जोड़ा जाए। जिससे स्थानीय पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिले। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में रेलवे का नया युग शुरू हो चुका है। यूपी को मिल रही दो नई वंदे भारत ट्रेनें विकास, सुविधा और संस्कृति—तीनों का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि यूपी से होकर गुजरने वाली वंदे भारत ट्रेनों की संख्या 10 से अधिक हो गई है। प्रकाश कुमार पांडेय

Exit mobile version