मोदी का बिहार दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एक बार फिर बिहार के दौरे पर हैं। उनका यह डेढ़ महीने में तीसरा दौरा है, जिससे विधानसभा चुनाव से पहले सियासी गर्मी तेज हो गई है। इस बार पीएम मोदी पूर्वी चंपारण के मोतिहारी से राज्य को 7217 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने जा रहे हैं। पीएम ने सुबह एक्स (Twitter) पर लिखा, “बिहार की विकास यात्रा में 18 जुलाई का दिन ऐतिहासिक होने वाला है।”
रेल परियोजनाओं की बौछार:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मोतिहारी से चार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें पटना-नई दिल्ली, मालदा टाउन-गोमतीनगर, दरभंगा-गोमतीनगर और बापूधाम मोतिहारी-आनंद विहार ट्रेनें शामिल हैं। साथ ही पटना में 283 करोड़ रुपये की लागत से वंदे भारत ट्रेनों के रख-रखाव हेतु इंफ्रास्ट्रक्चर का भी शिलान्यास किया जाएगा।
आईटी, स्टार्टअप और कनेक्टिविटी पर जोर:
पीएम मोदी आज मोतिहारी से आईटी, स्टार्टअप, मत्स्य, ग्रामीण विकास और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वे कह सकते हैं कि ये योजनाएं बिहार में रोजगार, व्यापार और कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देंगी।
मोदी को सुनने उमड़ी भीड़, गांधी मैदान खचाखच भरा:
मोदी की रैली के लिए गांधी मैदान पूरी तरह से तैयार है। मंच पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम हैं और हजारों की संख्या में लोग जुट चुके हैं। “सपने साकार, समृद्ध बिहार” थीम के तहत प्रधानमंत्री का ये कार्यक्रम विपक्ष को करारा जवाब देने वाला माना जा रहा है।
प्रकाश कुमार पांडेय





