आधुनिक भारत की औद्योगिक शक्ति का प्रतीक बनेगा पीएम मित्र पार्क, PM मोदी 17 सितंबर को धार में करेंगे भूमिपूजन….कपास से परिधान तक बनेगी वैश्विक वैल्यू चेन

PM Mitra Park in dhar mp

आधुनिक भारत की औद्योगिक शक्ति का प्रतीक बनेगा पीएम मित्र पार्क

प्रधानमंत्री मोदी 17 सितंबर को धार में करेंगे भूमिपूजन, कपास से परिधान तक बनेगी वैश्विक वैल्यू चेन

धार। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि धार जिले के भैंसोला में बनने वाला पीएम मित्र पार्क (PM MITRA Park) आधुनिक भारत की औद्योगिक शक्ति का प्रतीक बनेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 सितंबर को इस पार्क का भूमिपूजन करेंगे। लगभग 2000 करोड़ की लागत से बनने वाला यह पार्क देश का पहला और सबसे बड़ा पीएम मित्र पार्क होगा, जिसमें स्पिनिंग से लेकर डिजाइनिंग, प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट तक की संपूर्ण सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी।

किसानों को मिलेगा वास्तविक मूल्य और वैश्विक पहचान

प्रदेश में साढ़े तीन लाख से अधिक कपास उत्पादक किसान हैं। अब तक वे केवल कच्चे कपास की बिक्री तक सीमित थे, लेकिन पीएम मित्र पार्क के बाद उनकी फसल स्थानीय स्तर पर मूल्य संवर्धन की प्रक्रिया से गुजरेगी। यहां कपास से यार्न, फैब्रिक, गारमेंट और रेडीमेड परिधान तक की पूरी वैल्यू चेन तैयार होगी। जैविक कपास से बने परिधान सीधे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स तक पहुंचेंगे। मध्यप्रदेश पहले ही विश्व के 24 प्रतिशत नॉन-जीएमओ ऑर्गेनिक कॉटन का उत्पादक है। इस पार्क के माध्यम से किसानों को अपनी उपज का वास्तविक मूल्य और वैश्विक पहचान दोनों मिलेंगी।

विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित सबसे बड़ा पार्क

धार का पीएम मित्र पार्क आकार और सुविधाओं दोनों में अद्वितीय होगा। यहां जीरो लिक्विड डिस्चार्ज आधारित कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट, 220 केवी सबस्टेशन और 20 एमएलडी पानी की उपलब्धता होगी। स्काडा और आईओटी आधारित यूटिलिटी मॉनिटरिंग सिस्टम इस पार्क को स्मार्ट और डिजिटल बनाएंगे। ग्रीन इंडस्ट्रियल टाउनशिप का प्रमाणन इसे टिकाऊ औद्योगिक विकास का आदर्श मॉडल बनाएगा। भूमि, बिजली और पानी प्रतिस्पर्धी दरों पर उपलब्ध होंगे, जिससे यह पार्क भारत का सबसे किफायती और प्रतिस्पर्धी टेक्सटाइल हब बनेगा।

इज ऑफ डूइंग बिजनेस और नीतिगत प्रोत्साहन

मध्यप्रदेश Ease of Doing Business में लगातार टॉप अचीवर्स की श्रेणी में शामिल है। राज्य ने सबसे पहले जन विश्वास अधिनियम लागू किया और GIS आधारित पारदर्शी भूमि आवंटन प्रणाली स्थापित की। अब उद्योग शुरू करने की प्रक्रिया 30 दिनों में पूरी हो सकती है।
राज्य सरकार पूंजी निवेश पर 40 प्रतिशत तक सब्सिडी, पांच से सात प्रतिशत ब्याज अनुदान, ग्रीन इंडस्ट्रियलाइजेशन के लिए 50 प्रतिशत सहायता और निर्यात फ्रेट पर 50 प्रतिशत सब्सिडी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराती है। इसके अलावा केंद्र सरकार की Competitive Incentive Support योजना के तहत शुरुआती निवेशकों को 300 करोड़ रुपये तक सहयोग और तीन प्रतिशत तक टर्नओवर प्रोत्साहन भी मिलेगा।

मध्य प्रदेश की औद्योगिक ताकत और मेजर प्लेयर्स की उपस्थिति

वित्तीय वर्ष 2024-25 में मध्यप्रदेश से 9,200 करोड़ रुपये से अधिक का टेक्सटाइल निर्यात हुआ है। यहां 31 गीगावॉट से अधिक पावर क्षमता उपलब्ध है, जिसमें लगभग 30 प्रतिशत क्लीन ग्रीन एनर्जी शामिल है। औद्योगिक जल संसाधन एक हजार मिलियन क्यूबिक मीटर से अधिक है।
छह इनलैंड कंटेनर डिपो और एक मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क की उपलब्धता से निर्यात और सुगम होगा। प्रदेश में पहले से ही ट्राइडेंट ग्रुप, वार्धमान, ग्रासिम, नाहर, रेमंड, प्रतिभा सिन्टेक्स, गोकलदास एक्सपोर्ट, महिमा ग्रुप और सागर ग्रुप जैसी बड़ी औद्योगिक कंपनियां मौजूद हैं। इनकी उपस्थिति से यार्न, फैब्रिक और गारमेंट निर्माण की मजबूत वैल्यू चेन पहले से है, जिसे पीएम मित्र पार्क और सुदृढ़ करेगा।

किसानों और युवाओं के जीवन में आएगा क्रांतिकारी बदलाव

धार, झाबुआ, रतलाम और उज्जैन जैसे कपास उत्पादक जिलों के किसान अब औद्योगिक क्रांति के केंद्र में होंगे। आदिवासी युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिलेंगे। प्रदेश के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और लाखों परिवारों का जीवन स्तर बेहतर होगा।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि पीएम मित्र पार्क किसानों को स्थायी लाभ, युवाओं को वैश्विक अवसर और उद्योगों को प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान करेगा। यह परियोजना मध्यप्रदेश को कॉटन कैपिटल बनाने के साथ-साथ भारत के टेक्सटाइल सेक्टर की नई औद्योगिक क्रांति का सूत्रपात करेगी। (प्रकाश कुमार पांडेय)

Exit mobile version