शांति बोर्ड विवाद: ट्रंप ने पीएम मार्क कार्नी का निमंत्रण वापस लिया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी को शांति बोर्ड (Board of Peace) में शामिल होने का दिया गया निमंत्रण वापस ले लिया है। यह फैसला तब लिया गया जब मार्क कार्नी ने ट्रंप के उस बयान को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि कनाडा अमेरिका की वजह से जीवित है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री कार्नी को यह पत्र सूचित करता है कि कनाडा के शामिल होने को लेकर शांति बोर्ड का निमंत्रण वापस लिया जा रहा है। ट्रंप ने इस बोर्ड को अब तक का सबसे प्रतिष्ठित वैश्विक नेतृत्व मंच बताया।
दोनों नेताओं के बीच तनाव विश्व आर्थिक मंच (WEF) में और बढ़ गया। वहां मार्क कार्नी ने अपने भाषण में अमेरिका के नेतृत्व में बने वैश्विक व्यवस्था को “टूटी हुई” बताया। इसके बाद ट्रंप ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कनाडा अमेरिका के कारण अस्तित्व में है।
इस बयान पर कनाडा में कड़ा जवाब आया। क्यूबेक सिटी में राष्ट्रीय संबोधन के दौरान मार्क कार्नी ने कहा कि कनाडा अमेरिका की वजह से नहीं, बल्कि अपने दम पर फलता-फूलता है। उन्होंने दोनों देशों की साझेदारी को अहम बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक गिरावट के दौर में कनाडा को एक उदाहरण बनकर सामने आना चाहिए।