Paytm Share Price: 6 महीने में पहली बार ₹1000 के पार, लगातार 5 दिन से दिख रही तेजी
पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस के शेयरों में जबरदस्त उछाल देखने को मिली है। 16 जुलाई को यह शेयर 3% की तेजी के साथ ₹1,014 के उच्चतम स्तर पर पहुंचा, जो पिछले छह महीने में पहली बार हुआ जब यह ₹1000 के पार गया। शेयर लगातार पांचवें कारोबारी दिन हरे निशान में बंद हुआ है और जुलाई महीने में अब तक इसमें करीब 9% की बढ़त दर्ज की गई है। इससे पहले जनवरी में यह ₹1000 के आसपास पहुंचा था, लेकिन फिर गिरावट देखने को मिली थी।
MSCI अपग्रेड से नई उम्मीदें
Paytm के शेयरों में हालिया तेजी की वजह MSCI स्टैंडर्ड इंडेक्स में संभावित अपग्रेड बताई जा रही है। मोतीलाल ओसवाल ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि अगस्त की MSCI रीबैलेंसिंग में पेटीएम को स्मॉलकैप से स्टैंडर्ड इंडेक्स में शामिल किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है, तो अनुमान है कि इस शेयर में 21.2 करोड़ डॉलर का नया निवेश आ सकता है। MSCI इस संबंध में 8 अगस्त को घोषणा करेगा और बदलाव 26 अगस्त से लागू होंगे।
म्यूचुअल फंड्स का भरोसा बढ़ा
कंपनी की सकारात्मक परफॉर्मेंस को देखते हुए म्यूचुअल फंड्स ने अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। जून तिमाही में घरेलू म्यूचुअल फंड्स की हिस्सेदारी बढ़कर 13.86% हो गई है, जो मार्च तिमाही में 13.11% थी। मिराए एसेट, मोतीलाल ओसवाल, निप्पॉन और बंधन म्यूचुअल फंड जैसे नाम शामिल हैं। दूसरी ओर, FII और रिटेल निवेशकों ने अपनी हिस्सेदारी घटाई है। पेटीएम का शेयर मई 2024 में ₹310 के लो लेवल से उछलकर ₹1,017 तक पहुंच चुका है, जो इसे साल का सबसे बड़ा टर्नअराउंड स्टॉक बना देता है।