आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण ने फेक सेक्युलरिज़्म पर साधा निशाना, बोले – “मैं उग्रवादी नहीं, प्रतिबद्ध हिंदू हूं” आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और जनसेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण ने फेक सेक्युलरिज़्म (छद्म धर्मनिरपेक्षता) को लेकर तीखा हमला बोला है। पवन कल्याण ने मुदैर में आयोजित भगवान मुरुगन के भक्तों के सम्मेलन में भाग लेते हुए यह बयान दिया। उन्होंने कार्यक्रम में हिंदू धर्म पर एकतरफा निशाना साधने और तथाकथित धर्मनिरपेक्ष नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “मैं कोई उग्रवादी नहीं हूं, बल्कि एक प्रतिबद्ध हिंदू हूं।” कार्यक्रम के बाद पवन कल्याण ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर भी यही मुद्दा उठाया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा “एक ईसाई को ईसाई बने रहने में, और एक मुसलमान को मुसलमान बने रहने में किसी को कोई दिक्कत नहीं होती। लेकिन जैसे ही कोई हिंदू अपने धर्म के प्रति प्रतिबद्ध होता है, उसे सांप्रदायिक कहा जाता है। यही है इनका फेक सेक्युलरिज़्म।” पवन कल्याण पहले भी अपने पारंपरिक वेशभूषा और धार्मिक अभिव्यक्ति के लिए चर्चित रहे हैं। कई राजनीतिक कार्यक्रमों में वे भारतीय संस्कृति को दर्शाते परिधान में नजर आते हैं। कई मौकों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें मंच से सम्मानित किया और गले लगाया, जिससे उनके संबंध चर्चा में रहे हैं। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों और सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।