पैरा एथलीट मनस्विता को मिली स्पोर्ट्स व्हीलचेयर…खेलों में दिखेगा और निखार…सरकार बनी सहारा!

मध्य प्रदेश के उज्जैन की पैरा एथलीट सुश्री मनस्विता तिवारी के खेल जीवन में एक नया मोड़ आया है। अब वे और अधिक आत्मविश्वास और ऊर्जा के साथ राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगी। उन्हें सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग के माध्यम से स्पोर्ट्स व्हीलचेयर प्रदान की गई है। इस सहयोग के पीछे उज्जैन कलेक्टर रौशन कुमार सिंह का मानवीय हस्तक्षेप रहा। जिन्होंने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान मनस्विता की माता श्रीमती कल्पना तिवारी की अपील को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए।

मनस्विता ने दिव्यांगता को बनाया ताकत
मनस्विता तिवारी जन्म से दिव्यांग हैं, लेकिन उनकी मेहनत, लगन और खेलों के प्रति समर्पण ने उन्हें आज इस मुकाम तक पहुंचाया है। वे पैरा स्विमिंग, पैरा कैनोइंग और ताइक्वांडो जैसे खेलों में राज्य और देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। अब तक की प्रमुख उपलब्धियां पैरा स्विमिंग और कैनोइंग में 17 स्वर्ण पदक, 5 रजत पदक, 3 कांस्य पदक ताइक्वांडो में 1 स्वर्ण, 1 रजत पदक हासिल किया। मनस्विता की मां कल्पना तिवारी ने बताया कि बचपन से ही मनस्विता खेलों के प्रति बेहद जुनूनी रही हैं। अपनी दिव्यांगता को कभी उसने बाधा नहीं माना, बल्कि अपनी ताकत बनाकर देश के लिए गौरव अर्जित कर रही हैं।

जनसुनवाई में सुनी गई आवाज
मनस्विता की माता ने जनसुनवाई में उज्जैन कलेक्टर से यह अपील की थी कि यदि शासन की ओर से एक उपयुक्त स्पोर्ट्स व्हीलचेयर उपलब्ध कराई जाए तो उनकी बेटी और बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी सुदृढ़ नहीं थी कि वे स्वयं इस महंगे उपकरण की व्यवस्था कर पाते। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने तुरंत संबंधित विभाग को निर्देश जारी किए। तत्पश्चात जिला पंचायत की सीईओ श्रीमती जयती सिंह के प्रयासों से मनस्विता को स्पोर्ट्स व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई।

सरकार को धन्यवाद
श्रीमती कल्पना तिवारी ने बेटी की ओर से सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “यह व्हीलचेयर सिर्फ एक साधन नहीं, बल्कि मनस्विता के सपनों के पंख हैं। अब वह और ऊंची उड़ान भर सकेगी।”

मनस्विता तिवारी की यह प्रेरणादायक कहानी दिखाती है कि यदि इच्छाशक्ति मजबूत हो और प्रशासन संवेदनशील, तो कोई भी बाधा सफलता के मार्ग में नहीं आ सकती। यह उदाहरण राज्य सरकार की दिव्यांगजनों के प्रति प्रतिबद्धता और समर्थन को दर्शाता है। आने वाले दिनों में मनस्विता तिवारी निश्चित ही देश के लिए और भी बड़े गौरव की प्रतीक बनेंगी।

प्रकाश कुमार पांडेय

 

Exit mobile version