Uttar Pradesh News: यूपी में में पंचायत चुनाव से सपा के वोटबैंक पर सेंध… मुस्लिम सियासत में उतरने की BJP की रणनीति

उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सपा के सबसे मजबूत वोटबैंक यानी मुस्लिम समुदाय में सेंधमारी की रणनीति बना ली है। सपा को अब तक मुस्लिम समुदाय का लगभग 80–85 प्रतिशत समर्थन मिलता रहा है, जिसने उसे कई सीटों पर निर्णायक बढ़त दिलाई है।

सपा के वोटबैंक पर बीजेपी की नजर
BJP अब पंचायत चुनाव के माध्यम से इस कोर वोटबैंक को कमजोर करने और मुस्लिम बहुल इलाकों में स्थानीय मुस्लिम नेताओं को आगे लाने का प्रयास कर रही है। पार्टी को भरोसा है कि यदि पंचायत चुनाव में मुस्लिम प्रत्याशियों को समर्थन देकर उन्हें सत्ता से जोड़ा जाए, तो आने वाले चुनावों में वह राजनीतिक सहयोग में बदल सकता है।

मुस्लिम बहुल गांवों में नया सियासी प्रयोग
उत्तर प्रदेश के लगभग 57,695 ग्राम पंचायतों में से लगभग 7,000 पंचायतें ऐसी हैं जहां मुस्लिम प्रधान चुने जाते रहे हैं। BJP का अल्पसंख्यक मोर्चा अब इन पंचायतों पर फोकस कर रहा है। अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष कुंवर बासित अली के नेतृत्व में पार्टी उन गांवों की सूची बना रही है जहां से मुस्लिम समाज के लोग चुनाव लड़ते और जीतते रहे हैं। इन इलाकों में सपा के विरोधी रुझान वाले मुस्लिम नेताओं की पहचान कर, उन्हें प्रधानी या बीडीसी चुनाव में समर्थन देने की योजना है।

पंचायत चुनाव से 2027 की तैयारी
BJP को उम्मीद है कि पंचायत चुनाव में जिन मुस्लिम नेताओं को समर्थन देकर विजयी बनाया जाएगा, वे 2027 में लोकसभा और विधानसभा चुनावों में BJP के लिए जमीनी कार्यकर्ता की भूमिका निभा सकते हैं। चूंकि पंचायत चुनाव दल के सिंबल पर नहीं होते, इसीलिए BJP परोक्ष रूप से ऐसे प्रत्याशियों की मदद करेगी, जो उसकी विचारधारा से मेल खाते हों। बदले में, सरकारी योजनाओं, स्थानीय नेताओं से संबंध और प्रशासनिक सहूलियतें मुस्लिम नेताओं को दी जाएंगी, ताकि वे पार्टी के प्रति निष्ठावान बने रहें।

अल्पसंख्यक मोर्चा ने संभाली कमान
पार्टी का अल्पसंख्यक मोर्चा, मुस्लिम बहुल गांवों में सियासी बुनियाद मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहा है। मोर्चा न केवल डाटा इकट्ठा कर रहा है, बल्कि संभावित मुस्लिम प्रत्याशियों को स्थानीय विधायक, सांसद और पूर्व विधायकों से जोड़ने का कार्य भी कर रहा है।

इस पहल से बीजेपी को दोतरफा लाभ होगा – एक तरफ मुस्लिम इलाकों में स्थानीय संगठन खड़ा होगा, वहीं दूसरी ओर मुस्लिम नेताओं को सत्ता से सीधा जुड़ाव मिलेगा, जिससे उनका झुकाव BJP की ओर होगा। इस प्रकार 2027 के लिए BJP अपना स्थायी नेटवर्क तैयार कर रही है।

मुस्लिम सियासत में नई चाल, नई सोच
2022 और 2024 में शिया, सूफी और पसमांदा मुस्लिम कार्ड का ज्यादा असर न देखने के बाद अब BJP स्थानीय नेतृत्व और जमीनी उपस्थिति की रणनीति पर काम कर रही है। BJP का मानना है कि सिर्फ राष्ट्रीय स्तर पर मुस्लिम नेताओं को आगे लाने से वोट ट्रांसफर नहीं होता, बल्कि जमीनी स्तर पर मुस्लिम बहुल इलाकों में प्रभावशाली चेहरों और समाज में पकड़ रखने वाले कार्यकर्ताओं को तैयार करना ज़रूरी है।

पंचायत चुनाव इस दिशा में पहला पड़ाव है, जहां से पार्टी मुस्लिम समाज में विश्वास और सहयोग का बीज बोने की कोशिश कर रही है। अगर यह प्रयोग सफल होता है, तो BJP 2027 में मुस्लिम बहुल सीटों पर प्रतिस्पर्धा की स्थिति में आ सकती है।

पंचायत से लोकसभा तक की तैयारी
भारतीय जनता पार्टी का यह नया सियासी दांव उसकी दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है, जिसमें मुस्लिम बहुल इलाकों में स्थानीय नेतृत्व तैयार कर वोटबैंक में सेंधमारी करना है। पंचायत चुनाव केवल एक राजनीतिक प्रयोग नहीं, बल्कि सपा की परंपरागत ताकत को चुनौती देने का माध्यम है। अब देखना यह है कि BJP का यह प्रयोग मुस्लिम समुदाय में कितनी स्वीकार्यता पाता है, और क्या वह वाकई सपा के वोटबैंक को हिला पाने में कामयाब हो पाती है या नहीं?

 

 

 

 

 

Exit mobile version