T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान ने ग्रुप-ए का अपना दूसरा मुकाबला यूएसए के खिलाफ खेला, जिसमें टीम ने 32 रन से जीत दर्ज की। इस मैच में पाकिस्तान की प्लेइंग-11 में स्पिन गेंदबाज उस्मान तारिक को शामिल किया गया, जिन्होंने गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया।
उस्मान तारिक ने 4 ओवर में 27 रन देकर 3 अहम विकेट झटके और पाकिस्तान की जीत में बड़ी भूमिका निभाई। लेकिन विकेट लेने से ज्यादा चर्चा उनके गेंदबाजी एक्शन को लेकर हो रही है। कई क्रिकेट विशेषज्ञों ने उन पर चकिंग का आरोप लगाया है, जिसे आम भाषा में ‘भट्टा गेंदबाजी’ कहा जाता है।
पाकिस्तानी गेंदबाजों पर चकिंग के आरोप कोई नई बात नहीं हैं। इससे पहले भी कई गेंदबाज इस विवाद में फंस चुके हैं और कुछ का करियर भी प्रभावित हुआ है। उस्मान तारिक के एक्शन पर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। पाकिस्तान सुपर लीग के दौरान उनके एक्शन की दो बार जांच हुई थी, जिसमें उन्हें क्लीन चिट मिली थी।
हालांकि इस बार वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर मामला उठने के बाद अब नजरें ICC पर टिकी हैं। अभी तक आईसीसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
पाकिस्तान टीम उस्मान को इस टूर्नामेंट में एक अहम मैच विनर के तौर पर देख रही है। ऐसे में आने वाले मैचों में यह देखना दिलचस्प होगा कि उनके एक्शन पर कोई फैसला आता है या नहीं।