दुबई में खेले गए एशिया कप मुकाबले में भारत से करारी शिकस्त खाने के बाद पाकिस्तान एक बार फिर विवाद खड़ा करने में जुट गया है। हार का दर्द सहन न कर पाने वाले पाकिस्तान ने अब मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट पर ही आरोपों की बौछार कर दी है। पाकिस्तानी खिलाड़ियों का कहना है कि भारतीय टीम ने उनसे हाथ मिलाने से इनकार किया, जबकि सच्चाई यह है कि पूरा खेल भावना के तहत हुआ। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच पर फोकस किया और अनावश्यक दिखावे से दूरी बनाए रखी।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अब इसे बड़ा मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहा है। PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने यहां तक कह दिया कि पायक्रॉफ्ट भारतीय टीम के दबाव में थे और उन्होंने दोनों टीमों को हाथ न मिलाने की हिदायत दी। पाकिस्तान का यह बयान खुद उसकी हताशा और बौखलाहट को दिखाता है। हार का जिम्मा अपने खिलाड़ियों की कमजोर बल्लेबाजी और खराब कप्तानी पर डालने की बजाय पूरा ठीकरा रेफरी पर फोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
सबसे मजेदार बात यह है कि पाकिस्तान ने धमकी दी है कि अगर पायक्रॉफ्ट को टूर्नामेंट से नहीं हटाया गया तो वे एशिया कप से बाहर हो जाएंगे। यानी हार का बहाना बनाकर टूर्नामेंट से भागने की तैयारी। इस पूरे घटनाक्रम पर न तो ACC और न ही BCCI ने कोई प्रतिक्रिया दी है। लेकिन क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि पाकिस्तान को पहले अपनी टीम की हालत सुधारनी चाहिए, दूसरों पर आरोप मढ़ने से जीत नहीं मिलने वाली।