भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां और अंतिम टेस्ट मैच ओवल में अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। इंग्लैंड ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट पर 339 रन बना लिए हैं और उसे जीत के लिए अब सिर्फ 35 रन की जरूरत है। वहीं भारत को सीरीज बराबर करने के लिए चार विकेट की दरकार है। चौथे दिन का खेल बारिश और खराब रोशनी के चलते पूरा नहीं हो सका। जैमी स्मिथ (2 रन) और जैमी ओवरटन (0 रन) नाबाद लौटे हैं। इंग्लैंड इस समय सीरीज में 2-1 से आगे है और 374 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रहा है।
रूट-ब्रूक की साझेदारी ने पलटा मैच, भारत की वापसी कृष्णा और सिराज ने कराई
जो रूट और हैरी ब्रूक के बीच 195 रन की साझेदारी ने भारत की मुश्किलें बढ़ा दी थीं। ब्रूक ने 98 गेंदों में 111 रन बनाए, जबकि रूट ने 105 रनों की संयमित पारी खेली। इंग्लैंड एक समय 317/4 पर था और आसानी से जीत की ओर बढ़ रहा था, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने ब्रूक और रूट के विकेट चटकाकर भारत को मैच में वापस ला दिया। मोहम्मद सिराज ने भी ऑली पोप को एलबीडब्ल्यू आउट कर भारत की उम्मीदें जगा दीं।
बचे हुए विकेटों पर टिकी भारत की उम्मीदें, मौसम बना सकता है विलेन
अब भारत की नजरें अंतिम चार विकेट पर हैं, लेकिन इंग्लैंड की बल्लेबाजी गहराई को देखते हुए काम आसान नहीं होगा। क्रिस वोक्स चोट के बावजूद मैदान पर दिखे, जिससे उम्मीद है कि वे जरूरत पड़ने पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। बारिश और खराब रोशनी भारत के लिए एक और चुनौती हैं। अगर मौसम ने सहयोग नहीं किया, तो इंग्लैंड को फायदा मिल सकता है। वहीं भारत के तेज गेंदबाजों को रिफ्रेश होने का समय मिल गया है — अगर पांचवें दिन तेज गेंदबाज़ चमत्कार करते हैं, तो भारत मुकाबला पलट सकता है।