उत्तर प्रदेश में रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए सौगात: सीएम योगी का बड़ा ऐलान

UP cm gift to women and sisters

रक्षाबंधन 2025 के अवसर पर उत्तर प्रदेश की महिलाओं और बहनों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक विशेष उपहार दिया है। राज्य सरकार ने 8 अगस्त की सुबह 6 बजे से 10 अगस्त की रात 12 बजे तक राज्य परिवहन निगम (UPSRTC) और नगरीय बस सेवाओं में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की है। यह निर्णय मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक के दौरान लिया, जिसमें प्रदेश के सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

उत्तर प्रदेश में रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए सौगात: सीएम योगी का बड़ा ऐलान

“बहनों के लिए सीएम योगी की राखी गिफ्ट”

”8 से 10 अगस्त तक रोडवेज बसों में मिलेगी फ्री यात्रा की सुविधा”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का प्रतीक है और इस पवित्र पर्व पर महिलाओं को सुविधा देना राज्य सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह सुविधा बिना किसी अव्यवस्था के लागू की जाए और महिलाओं को यात्रा के दौरान सुरक्षा व सहयोग की पूर्ण गारंटी दी जाए।

बाढ़ राहत कार्यों पर सख्त निर्देश

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित जिलों की स्थिति पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को राहत व बचाव कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। सीएम योगी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रमुख निर्देशों में शामिल हैं:

बाढ़ शरणालयों में महिलाओं और बच्चों के लिए अलग व्यवस्था हो।

दूध, भोजन, दवाएं और पीने योग्य पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

सभी जिलों में 24×7 कंट्रोल रूम सक्रिय रहें और हर सूचना राहत आयुक्त कार्यालय तक पहुंचे।

रेस्क्यू ऑपरेशन में केवल बड़ी और सुरक्षित नावों का इस्तेमाल किया जाए।

बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों का तुरंत सर्वे कराकर प्रभावितों को आवास योजना और जमीन के पट्टे दिए जाएं।

श्रावण मास और जन्माष्टमी पर विशेष तैयारी
श्रावण मास के अंतिम सोमवार और जन्माष्टमी पर्व को लेकर भी मुख्यमंत्री ने विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिव मंदिरों में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था की जाए।

मुख्य बिंदु:

मंदिर परिसरों में खुले बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त किया जाए।

जन्माष्टमी आयोजनों में भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम हों।

यूपी पुलिस की रिजर्व लाइनों में भी मनाए जाने वाले जन्माष्टमी कार्यक्रमों को प्रशासनिक अनुमति जरूरी हो।

लाउडस्पीकर की ध्वनि सीमाएं तय मानकों के अनुसार रखी जाएं।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान में यूपी की अग्रणी भूमिका

बैठक में मुख्यमंत्री योगी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को एक राष्ट्रीय गौरव का विषय बताते हुए उत्तर प्रदेश को इसमें अग्रणी राज्य बनाने की बात कही। इस अभियान के तहत राज्य में 4 करोड़ 60 लाख तिरंगे फहराने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार कार्यक्रम की रूपरेखा इस प्रकार है:

2 से 8 अगस्त: तिरंगा निर्माण का कार्य पूरा किया जाए।

9 से 12 अगस्त: तिरंगा यात्रा, महोत्सव और मेले का आयोजन किया जाए।

13 से 15 अगस्त: सरकारी, निजी और व्यक्तिगत भवनों पर तिरंगा फहराया जाए।

आमजन को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाए।

मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और सक्रियता

पूरी बैठक से यह स्पष्ट हुआ कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्य की जनता के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बना रहे हैं – चाहे वह बाढ़ पीड़ित हों, त्योहारों में जुटे श्रद्धालु हों या रक्षाबंधन पर अपने भाइयों से मिलने जा रही बहनें।

यूपी में योगी सरकार की ओर से महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा न सिर्फ सामाजिक समानता की दिशा में एक अहम कदम मना जा रहा है तो वहीं त्योहार के मौके पर राज्य सरकार की मानवीय सोच का भी प्रतीक माना जा रहा है। रक्षाबंधन से पहले 8 अगस्त से 10 अगस्त तक दो दिन तक रोडवेज की बसों में फ्री यात्रा कर सककेंगी। योगी सरकार की ओर से यह सुविधा रक्षाबंधन पर बहनों के लिए एक अनूठा उपहार है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी द्वारा बाढ़ राहत, धार्मिक आयोजनों और ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियानों पर दिखाया गया सक्रिय रुख उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक तैयारियों और संवेदनशीलता को दर्शाता है। आगामी दिनों में इन फैसलों का सकारात्मक असर व्यापक रूप से देखने को मिलेगा। …(प्रकाश कुमार पांडेय)

Exit mobile version