नई दिल्ली। अडाणी समूह के अध्यक्ष गौतम अडाणी अब दुनिया के सबसे अमीर दस लोगों की सूची से बाहर हो गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, अब वह 11वें स्थान पर आ गए हैं। एक दिन में अडाणी को 8 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है। 29 जनवरी को उनकी नेटवर्थ 92.7 बिलियन डॉलर थी, जो सोमवार को घटकर 84.4 बिलियन डॉलर पर आ गई।
- एक हफ्ते में अडाणी की संपत्ति में 35.6 बिलियन डॉलर की कमी आई है
- 20 नवंबर 2022 को अडाणी की नेटवर्थ 150 बिलियन डॉलर पर पहुंच गई थी
- गौतम अडाणी का ग्रुप भारत में बंदरगाहों का सबसे बड़ा ऑपरेटर है
- यही समूह भारत का सबसे बड़ा ताप-कोयला उत्पादक और व्यापारी भी है
रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग की रिपोर्ट से हुई गिरावट
अमेरिकी रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग की रिपोर्ट लगभग एक सप्ताह पहले आई थी। इस रिपोर्ट में अडाणी ग्रुप पर स्टॉक मैनिपुलेशन, मनी लॉन्ड्रिंग और अकाउंटिंग फ्रॉड में शामिल होने का आरोप लगाया गया और इसके बाद ही अडाणी ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली।
वैसे, सोमवार को ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयरों ने रिकवरी दिखाई और ये 3.93% चढ़कर बंद हुए। ACC, अडाणी पोर्ट, अंबुजा सीमेंट के स्टॉक में भी तेजी देखने को मिली। वहीं अडाणी टोटल गैस 20%, ग्रीन एनर्जी 20.00%, पावर 5.00%, ट्रांसमिशन 15.23% और विल्मर 5.00% गिरा।
- अडाणी 4 अप्रैल 2022 को 100 बिलियन डॉलर से अधिक रखनेवालों के क्लब में शामिल हुए थे
- अप्रैल 2021 में अडाणी की नेटवर्थ 57 अरब डॉलर थी
- वित्तीय वर्ष 2021-2022 में अडाणी की नेटवर्थ दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ी
- इस समूह की सात पब्लिकली लिस्टेड कंपनियां हैं