हर परिवार को 100 यूनिट मुफ्त बिजली देने की योजना
बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव 2025 से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आम जनता को बड़ा तोहफा देने का ऐलान किया है। सरकार ने एक योजना तैयार की है, जिसके तहत हर परिवार को प्रति माह 100 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाएगी। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के लाखों बिजली उपभोक्ताओं को सीधी राहत देना और उनके मासिक बिजली बिलों में भारी बचत करवाना है। ऊर्जा विभाग द्वारा तैयार इस योजना को वित्त विभाग की मंजूरी मिल चुकी है और अब यह प्रस्ताव राज्य कैबिनेट की बैठक में अंतिम मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
चुनावी साल में नीतीश सरकार का अहम राजनीतिक दांव
2025 के चुनावी माहौल में यह घोषणा सीधे वोट बैंक को साधने की कोशिश के रूप में देखी जा रही है। 100 यूनिट मुफ्त बिजली से न केवल गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को राहत मिलेगी, बल्कि सरकार के जनहितकारी छवि को भी मज़बूती मिलेगी। नीतीश कुमार पहले से ही सुशासन और विकास आधारित राजनीति के पैरोकार माने जाते हैं, और इस योजना को उसी कड़ी में एक और बड़ा कदम माना जा रहा है।
सीधा असर आम जनता की जेब पर, होगी हर महीने बचत
राज्य में बड़ी संख्या में ऐसे परिवार हैं जिनका बिजली खपत स्तर 100 यूनिट प्रतिमाह या उससे कम होता है। इस योजना के लागू होते ही ऐसे परिवारों को बिजली बिल से पूरी तरह राहत मिल सकती है। औसतन ₹300-₹400 प्रति माह तक की बचत होने की उम्मीद है, जिससे परिवारों की आर्थिक स्थिति पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव को मिल सकती है मंजूरी
ऊर्जा विभाग द्वारा तैयार इस योजना को वित्त विभाग से हरी झंडी मिल चुकी है। अब यह प्रस्ताव बहुत जल्द राज्य कैबिनेट की बैठक में रखा जाएगा, जहां इसके औपचारिक अनुमोदन की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि योजना को अगस्त या सितंबर से लागू किया जा सकता है, ताकि चुनाव से पहले लाभार्थियों तक इसका असर पहुंचाया जा सके।
केंद्र की PM सूर्य घर योजना” से जुड़ सकता है यह कदम
राज्य सरकार की इस मुफ्त बिजली योजना को केंद्र सरकार की “पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” के साथ जोड़कर भी देखा जा रहा है। जहां केंद्र सरकार सोलर पैनल सब्सिडी और शून्य बिजली बिल की सुविधा दे रही है, वहीं राज्य सरकार सीधे 100 यूनिट फ्री बिजली देकर गरीब और मध्यम वर्ग को राहत देना चाहती है।
दोनों योजनाओं का समन्वय बिजली उपभोक्ताओं के लिए दोहरी राहत लेकर आ सकता है।
गरीबों और मध्यम वर्ग के लिए राहत, सरकार के लिए रणनीतिक फायदा
नीतीश सरकार की यह घोषणा न सिर्फ एक लोक-लुभावन चुनावी दांव है, बल्कि यह जनकल्याण और सामाजिक सुरक्षा के नजरिए से भी अहम है। यदि कैबिनेट से इस योजना को मंजूरी मिलती है, तो यह राज्य के लाखों परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में मददगार साबित हो सकती है। अब देखना यह होगा कि विपक्ष इस घोषणा को किस नजरिए से देखता है और क्या इस पर कोई राजनीतिक बहस खड़ी होती है।…(प्रकाश कुमार पांडेय)