जानें वित्त मंत्री Nirmal Sitaran की साड़ी के क्यों निकाले जा रहे सियासी मायने

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में नया केंद्रीय बजट पेश किया। बजट पेश होते ही जहां आर्थिक घोषणाओं को लेकर चर्चा शुरू हो गई, वहीं वित्त मंत्री की साड़ी भी सुर्खियों में आ गई। इस बार उन्होंने बैगनी रंग की कांजीवरम साड़ी पहनकर बजट पेश किया, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की चर्चाएं तेज़ हो गईं।

सोशल मीडिया पर यह सवाल उठाया जा रहा है कि क्या बजट के साथ-साथ वित्त मंत्री की साड़ी में भी कोई चुनावी या सामाजिक संदेश छिपा हुआ है। दरअसल, कांजीवरम साड़ी दक्षिण भारत, विशेषकर तमिलनाडु की पारंपरिक पहचान मानी जाती है। ऐसे समय में जब तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव होने हैं, इस साड़ी को पहनने को एक राजनीतिक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

इसके साथ ही साड़ी के रंग को लेकर भी चर्चाएं हो रही हैं। बैगनी (ब्लू टोन) रंग को महिला सशक्तिकरण और आत्मविश्वास का प्रतीक माना जाता है। ऐसे में यह तर्क दिया जा रहा है कि यह रंग महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में सरकार के संदेश को दर्शाता है। वहीं कांजीवरम साड़ी भारतीय हथकरघा और हस्तशिल्प का प्रतीक है, जिसे एमएसएमई सेक्टर से भी जोड़कर देखा जा रहा है। सरकार लगातार हथकरघा और हस्तशिल्प उद्योग को बढ़ावा देने की बात करती रही है, ऐसे में यह साड़ी उसी सोच का प्रतिबिंब मानी जा रही है।

यह पहली बार नहीं है जब बजट के दिन निर्मला सीतारमण की साड़ी चर्चा का विषय बनी हो। पिछले वर्ष जब उन्होंने बजट पेश किया था, तब उन्होंने मधुबनी पेंटिंग वाली साड़ी पहनी थी, जो बिहार की पारंपरिक कला से जुड़ी थी। उस समय बिहार में चुनाव होने के कारण इसे भी राजनीतिक और सांस्कृतिक संदेश के तौर पर देखा गया था।

हालांकि बजट में क्या सस्ता हुआ, क्या महंगा हुआ और इनकम टैक्स स्लैब में क्या बदलाव हुआ—इन सवालों पर चर्चा जारी रहेगी, लेकिन इसके साथ-साथ वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की साड़ी एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गई है।

निर्मला सीतारमण की कांजीवरम और चुनावी संकेत

तमिलनाडु की पहचान मानी जाने वाली कांजीवरम साड़ी भारतीय हथकरघा की सबसे समृद्ध विरासतों में से एक है। बजट जैसे राष्ट्रीय मंच पर इस साड़ी को पहनकर संसद पहुंचना केवल सौंदर्य या परंपरा का विषय नहीं था। यह कदम उस क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय विमर्श में लाने जैसा माना जा रहा है, जहां आने वाले समय में राजनीतिक गतिविधियां तेज़ होने वाली हैं।

चुनावी साल और सांस्कृतिक संदेश

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि तमिलनाडु में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र यह पहनावा अहम संकेत देता है। लंबे समय से बीजेपी दक्षिण भारत में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में राज्य की परंपरागत बुनकरी और संस्कृति को सम्मान देना, मतदाताओं के साथ भावनात्मक रिश्ता बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

पहले भी दिख चुकी है ‘साड़ी रणनीति’

यह पहला मौका नहीं है जब निर्मला सीतारमण के परिधान ने राजनीतिक संकेत दिए हों। इससे पहले वे अलग-अलग राज्यों के चुनावी दौर में वहां की पारंपरिक साड़ियां पहनती नजर आई हैं। ओडिशा की संबलपुरी और बोमकाई, पश्चिम बंगाल की लाल-पाड़ साड़ी और कर्नाटक की धारवाड़ साड़ियां—हर बार उनका पहनावा उस राज्य की संस्कृति से जुड़ा संदेश देता रहा है।

बजट से ज्यादा चर्चा में बनी निर्मला सीतारमण की कांजीवरम साड़ी

भले ही बजट 2026-27 में तमिलनाडु को क्या मिला, इस पर अलग-अलग बहस हो, लेकिन संसद के गलियारों में यह साफ दिखा कि वित्त मंत्री की वेशभूषा ने सबका ध्यान खींच लिया। कांजीवरम साड़ी और लाल बही-खाते के साथ संसद में प्रवेश को कई लोग दक्षिण भारत की ओर केंद्र की बढ़ती राजनीतिक दिलचस्पी के संकेत के रूप में देख रहे हैं। यह कहना गलत नहीं होगा कि इस बार बजट के साथ-साथ ‘साड़ी संदेश’ भी चर्चा के केंद्र में रहा।

 

 

 

 

 

 

Exit mobile version