हांगकांग के छात्रों के लिए शुरू हुआ डिप्लोमैसी समर कैंप
बीजिंग। चीन की विदेश नीति, सार्वजनिक कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों की समझ विकसित करने के उद्देश्य से 11वें हांगकांग विश्वविद्यालय डिप्लोमैसी समर कैंप की शुरुआत हो गई है। चीनी विदेश मंत्रालय के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में हांगकांग के विभिन्न विश्वविद्यालयों के 37 छात्र भाग ले रहे हैं। नौ दिनों तक चलने वाले इस अध्ययन एवं संवाद कार्यक्रम के तहत छात्र बीजिंग और युन्नान की यात्रा करेंगे, जहां उन्हें चीन की कूटनीतिक व्यवस्था, इतिहास, संस्कृति और विकास मॉडल को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों के अनुसार यह समर कैंप केवल शैक्षणिक भ्रमण नहीं, बल्कि युवाओं को कूटनीति, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और राष्ट्रीय विकास की नीतियों से परिचित कराने का एक महत्वपूर्ण मंच है। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक अनुभव भी उपलब्ध कराना है।
विदेश मंत्रालय में होगा सीधा संवाद
हांगकांग स्थित चीनी विदेश मंत्रालय के आयुक्त कार्यालय के उप आयुक्त हुआ यू ने बताया कि बीजिंग प्रवास के दौरान छात्र चीन के विदेश मंत्रालय का दौरा करेंगे। यहां उनकी मुलाकात युवा राजनयिकों से होगी, जो उन्हें आधुनिक कूटनीति की कार्यप्रणाली और वैश्विक चुनौतियों से निपटने में चीन की भूमिका के बारे में जानकारी देंगे। छात्र चीन विदेश मामले विश्वविद्यालय में आयोजित विशेष व्याख्यान में भी भाग लेंगे। इस व्याख्यान का विषय “मानव जाति के साझा भविष्य वाले समुदाय का निर्माण” रखा गया है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को चीन की विदेश नीति, अंतरराष्ट्रीय सहयोग की अवधारणा और वैश्विक मंच पर उसकी कूटनीतिक रणनीतियों से परिचित कराया जाएगा।
इतिहास और संस्कृति से भी होगा परिचय
समर कैंप के दौरान छात्रों को चीन के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का भी भ्रमण कराया जाएगा। इसमें चीनी कम्युनिस्ट पार्टी का इतिहास प्रदर्शनी हॉल, केंद्रीय उपहार एवं सांस्कृतिक अवशेष संग्रहालय तथा त्याओयूताई स्टेट गेस्टहाउस शामिल हैं। इन स्थलों के माध्यम से प्रतिभागियों को चीन के आधुनिक इतिहास, राजनीतिक विकास और सांस्कृतिक विरासत की जानकारी मिलेगी। आयोजकों का मानना है कि इतिहास और कूटनीति का गहरा संबंध है। इसलिए विद्यार्थियों को चीन के विकास क्रम को समझाने के लिए इन संस्थानों का दौरा कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है।
युन्नान में विकास परियोजनाओं का अध्ययन
कार्यक्रम के दूसरे चरण में छात्र युन्नान प्रांत जाएंगे। यहां वे चिनपिंग काउंटी का दौरा करेंगे, जहां चीन के विदेश मंत्रालय की सहायता से संचालित विकास परियोजनाओं का अवलोकन करेंगे। छात्र देशभक्ति शिक्षा केंद्र, राजनयिक सहायता परियोजनाओं और स्थानीय जातीय सांस्कृतिक कला केंद्रों का भी भ्रमण करेंगे। इसके अलावा प्रतिभागी चिनपिंग प्रथम माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। इस दौरान शिक्षा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सामाजिक विकास से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
कंपनियों और पर्यावरण संरक्षण का भी अध्ययन
समर कैंप के तहत छात्र खुनमिंग और ताली शहरों का भी दौरा करेंगे। यहां वे दक्षिण-पश्चिम संयुक्त विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक परिसर और शीचो प्राचीन कस्बे जैसे सांस्कृतिक स्थलों को देखेंगे। साथ ही युन्नान की प्रमुख कंपनियों और हांगकांग निवेश वाले उद्यमों का भ्रमण कर आर्थिक विकास और औद्योगिक सहयोग की जानकारी प्राप्त करेंगे। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण को भी विशेष स्थान दिया गया है। छात्र एरहाई झील के पारिस्थितिक संरक्षण कार्यों का अध्ययन करेंगे और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से जुड़े प्रयासों को समझेंगे।
2011 से जारी है यह पहल
डिप्लोमैसी समर कैंप को चीनी विदेश मंत्रालय के हांगकांग कार्यालय की प्रमुख सार्वजनिक कूटनीति परियोजनाओं में गिना जाता है। वर्ष 2011 में शुरू हुए इस कार्यक्रम का अब तक दस सफल संस्करण आयोजित किए जा चुके हैं। यह हांगकांग में कूटनीति विषय पर आधारित अपनी तरह का एकमात्र समर कैंप माना जाता है और विश्वविद्यालयों के छात्रों के बीच इसे व्यापक सराहना मिली है। उप आयुक्त हुआ यू ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को चीन की विदेश नीति, अंतरराष्ट्रीय संबंधों और वैश्विक कूटनीति के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराना है। उनका कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम छात्रों में वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय मामलों को समझने की क्षमता भी बढ़ाते हैं।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)