सपनों के साथ जली निक्की की जिंदगी
दहेज और घरेलू झगड़ों के चलते निक्की नाम की युवती की दर्दनाक मौत ने पूरे समाज को हिला दिया है। आरोप है कि पति, सास, ससुर और जेठ ने मिलकर उस पर थिनर डाल आग लगा दी। निक्की की सिसकियां और मदद की गुहार वहीं दब गईं, जहां उसने नए रिश्तों और नए घर की नींव रखी थी। जिस परिवार को उसने अपनाया, उसी ने उसकी जिंदगी छीन ली।
नौ साल की शादी और रिश्तों का अंत
निक्की की शादी को 9 साल हो चुके थे। इतने लंबे समय तक उसने अपने रिश्तों को निभाने की कोशिश की, लेकिन छोटी-छोटी कलह और पति की मारपीट ने हालात बिगाड़ दिए। वह अपने पैरों पर खड़ी होकर ब्यूटी पार्लर चला रही थी, परिवार का सहारा भी बन रही थी। इसके बावजूद रिश्तों की अहमियत पैसे और झूठे अहंकार के सामने हार गई।
मासूम बच्चे की आंखों में जख्म
इस घटना को देखकर सबसे गहरी चोट उस मासूम बच्चे को लगी जो अपनी मां को धधकती लपटों में झुलसते देख रहा था। खेलने की उम्र में उसके दिल पर ऐसी तस्वीर छप गई है जिसे वह जीवनभर नहीं भुला पाएगा। यह दर्द उस परिवार के लालच से कहीं अधिक गहरा है जिसने अपने घर की बहू को जलाकर मार डाला।
गिरफ्तारी के बाद भी सवाल कायम
पुलिस ने पति विपिन भाटी समेत सास, ससुर और जेठ को गिरफ्तार कर लिया है। निक्की के परिजन फांसी की मांग कर रहे हैं और कुछ ने यहां तक कहा है कि सरकार को आरोपी का घर ढहा देना चाहिए। लेकिन सवाल यह है कि क्या गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई भर से समाज की सोच बदलेगी? अदालतों में सालों तक केस चलेगा और आरोपी जेल से बाहर भी आ सकते हैं।
समाज की गिरती बुनियाद
यह घटना केवल एक परिवार की नहीं बल्कि पूरे समाज की गिरती संवेदनाओं की तस्वीर है। पैसा और दहेज की भूख रिश्तों से बड़ा हो चुका है। पति की जिम्मेदारियां भूलने वाले और परिवार की असल कद्र न समझने वाले लोग ही ऐसी त्रासदियों को जन्म देते हैं। अगर समाज अपनी मानसिकता नहीं बदलेगा तो निक्की जैसी बेटियां यूं ही बलिदान होती रहेंगी और हम केवल अफसोस जताते रह जाएंगे।