बुधवार का बाजार हाल
शेयर बाजार में कमजोरी का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। निफ्टी लगातार तीसरे कारोबारी दिन गिरावट के साथ बंद हुआ। इंडेक्स 41 अंकों की फिसलन के साथ 25,818 के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार की शुरुआत हालांकि मजबूती के साथ हुई थी और शुरुआती मिनटों में निफ्टी ने ऊपर जाने की कोशिश भी की, लेकिन यह तेजी ज्यादा देर टिक नहीं सकी। सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव के बाद बाजार धीरे-धीरे कमजोरी की ओर खिसक गया।
टेक्निकल तस्वीर क्या कहती है
पिछले तीन सत्रों के दौरान निफ्टी के डेली चार्ट पर लगातार लोअर हाई और लोअर लो बनते नजर आए हैं। इसका संकेत साफ है कि शॉर्ट टर्म में बाजार पर अभी भी बिकवाली का दबाव बना हुआ है और ट्रेंड कमजोर दिखाई दे रहा है। पूरे सत्र के दौरान निफ्टी 25,850 के अहम स्तर को पार नहीं कर पाया, जिससे निवेशकों का भरोसा कमजोर पड़ा।
इन शेयरों और सेक्टरों का असर
बाजार पर दबाव बनाने में फाइनेंशियल सेक्टर के बड़े शेयरों की कमजोरी अहम वजह रही। इसके अलावा M&M और L&T जैसे दिग्गज शेयरों में गिरावट ने भी इंडेक्स को नीचे खींचा। हालांकि, Shriram Finance, SBI और Hindalco सत्र के टॉप गेनर्स रहे। दूसरी ओर Max Healthcare, Apollo Hospitals और Trent में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।
मिडकैप-स्मॉलकैप भी फिसले
ब्रॉडर मार्केट ने भी बेंचमार्क इंडेक्स की कमजोरी का साथ दिया। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.50 फीसदी टूटकर बंद हुआ, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 0.70 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। सेक्टर के लिहाज से PSU Bank, IT और Metal इंडेक्स में मजबूती दिखी, जबकि Media, Consumer Durables और Realty सेक्टर सबसे ज्यादा दबाव में रहे।
नोट: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। liveindia.news अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।