नई दिल्ली। पूरा देश ठंड और कोहरे से जूझता हुआ नए साल के स्वागत में जुटा है। सभी नए साल का जश्न अपने-अपने अंदाज में मना रहे हैं। इस मौके पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत पक्ष एवं विपक्ष के तमाम नेताओं और सेलिब्रिटी ने लोगों को नववर्ष की बधाई दी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नए साल की बधाई देते हुए लोगों के उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की है। शनिवार आधी रात के बाद से ही देश के हर हिस्से में नए साल का जश्न शुरू हो गया है।
- 12 बजते ही लोगों ने आतिशबाजी की
- शनिवार आधी रात से ही जश्न शुरू
- तमाम नेताओं और सेलिब्रिटी ने दी बधाई
राष्ट्रपति और पीएम ने दी बधाई
नए साल के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट किया, ‘वर्ष 2023 हम सभी के जीवन में नई प्रेरणा, लक्ष्य और उपलब्धि लेकर आए। आइए हमलोग खुद को देश की एकता, अखंडता और समावेशी विकास के लिए समर्पित करें।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को नए साल की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘साल 2023 बहुत अच्छा रहे। नया साल उम्मीदों, खुशियों और ढेर सारी सफलताओं से भरा रहे। सभी का स्वास्थ्य उत्तम रहे।’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी लोगों को शुभकामनाएं दी हैं> उन्होंने लिखा, ‘साल 2023 की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। यह वर्ष आप सभी के जीवन में उत्तम स्वास्थ्य, सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।’
इसके अलावा राहुल गांधी ने भी अपने अंदाज में बधाई दी और उम्मीद जताई है कि 2023 में हरेक कोने में मुहब्बत की दुकान खुलेगी। सेलिब्रिटीज ने देश-विदेश से ट्वीट कर देशवासियों को बधाई दी है।