देशभर के करोड़ों उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें रविवार रात 12 बजे से लागू हो गई हैं। राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत अब 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है।
उद्योग सूत्रों का कहना है कि कीमतों में संशोधन से पहले सरकारी तेल विपणन कंपनियों को प्रत्येक घरेलू सिलेंडर पर भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था। ऐसे में लागत और बिक्री मूल्य के बीच अंतर कम करने के लिए यह फैसला लिया गया है।
गैस की बढ़ी कीमतों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए महंगाई को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर शायराना अंदाज में तंज कसते हुए लिखा, “रोटी के महंगे होने से थाली गई रूठ, बीजेपी से अब तो हर आस गई टूट।”
गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा असर घरेलू बजट पर पड़ने की आशंका है। खासकर मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए रसोई का खर्च और बढ़ सकता है। महंगाई के इस नए झटके ने आम उपभोक्ताओं की चिंता एक बार फिर बढ़ा दी है।