Nepal Protests : नेपाल में भड़का नेपो किड्स विवाद: भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के खिलाफ युवाओं का गुस्सा

नेपाल में इन दिनों भारी विरोध प्रदर्शनों की लहर चल रही है। यहां युवाओं का आक्रोश सरकार की नाकामी और नेताओं के बच्चों की ऐशो-आराम से भरी जिंदगी पर फूट पड़ा है। सोशल मीडिया पर “नेपो किड्स” और “पॉलिटिशियन बेबी” जैसे हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं, जिनमें साधारण युवाओं की तंगी और राजनेताओं के वारिसों की आलीशान लाइफस्टाइल का अंतर साफ दिखाया जा रहा है। प्रदर्शन इतना व्यापक हो गया कि प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा।

नेताओं के बच्चों की शानो-शौकत पर सवाल
नेपाल के युवाओं का कहना है कि आम नागरिक जहां गरीबी और बेरोजगारी से जूझ रहे हैं, वहीं नेताओं के परिवार ऐशो-आराम में डूबे हैं। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बिरोध खातीवाड़ा की बेटी श्रृंखला खातीवाड़ा अकसर अपनी विदेश यात्राओं और लग्जरी लाइफ की तस्वीरें शेयर करती हैं। मिस नेपाल रह चुकीं श्रृंखला की सोशल मीडिया मौजूदगी युवाओं के आक्रोश का बड़ा कारण बनी है।

देउबा परिवार भी विवादों में
पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा की बहू शिवना श्रेष्ठा भी नेपो किड्स की लिस्ट में शामिल हैं। उनके आलीशान मकान, महंगे फैशन और लग्जरी जीवनशैली से जुड़े वीडियो अक्सर वायरल होते रहते हैं। शिवना एक गायिका हैं और उनके पति जयवीर सिंह देउबा करोड़ों की संपत्ति के मालिक बताए जाते हैं। युवाओं का आरोप है कि नेताओं के परिवार देश की हालत से बेपरवाह ऐश्वर्य भरी जिंदगी जी रहे हैं।

प्रचंड और अन्य नेताओं पर भी उंगलियां
कम्युनिस्ट पार्टी के नेता और पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड की पोती स्मिता दहल पर भी आरोप लगे हैं। स्मिता ने सोशल मीडिया पर लाखों के हैंडबैग वाली तस्वीर डाली थी, जिस पर तीखी आलोचना हुई। इसी तरह, कानून मंत्री बिंदु कुमार थापा के बेटे सौगत थापा भी अपनी शाही जीवनशैली को लेकर विवादों में हैं।

युवाओं का गुस्सा सड़कों पर
आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने कई नेपो किड्स के घरों पर हमला किया और वहां आगजनी तक की। उनका कहना है कि आम लोग रोज़मर्रा की जरूरतें पूरी करने में असमर्थ हैं जबकि नेताओं के बच्चे महंगी कारों में घूमते हैं और ब्रांडेड कपड़े पहनते हैं। ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार नेपाल एशिया के सबसे भ्रष्ट देशों में शामिल है, और यही वजह है कि युवा अब बदलाव की मांग को लेकर सड़कों पर हैं।

 

 

Exit mobile version