दक्षिण-पश्चिम चीन के शीत्सांग स्वायत्त प्रदेश के शिकाज़े शहर के चीलोंग जिले में विनाशकारी
चीलोंग कीचड़ और मलबे के भूस्खलन के बाद, चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) के संवाददाता ने
गुरुवार को शीत्सांग की राजधानी ल्हासा में स्थित नेपाल के महावाणिज्यदूत लक्ष्मी प्रसाद
निरौला से बातचीत की।
महावाणिज्यदूत निरौला ने कहा कि आपदा के तुरंत बाद नेपाल और चीन, दोनों ने त्वरित
प्रतिक्रिया दी और राहत कार्यों को पूरी ताकत के साथ आगे बढ़ाया। चीलोंग बंदरगाह के रास्ते
कैलाश पर्वत की तीर्थयात्रा पर आए नेपाली नागरिकों के पुनर्वास और उनकी वापसी के मुद्दे पर
निरौला ने बताया कि ल्हासा स्थित नेपाल के महावाणिज्य दूतावास और शीत्सांग स्वायत्त प्रदेश
की सरकार के बीच समन्वय के जरिए सभी तीर्थयात्रियों को उचित आश्रय और जरूरी सुविधाएं
उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि अगले चरण में संबंधित लोग वैकल्पिक मार्गों से नेपाल
लौटेंगे।
फिलहाल, नेपाल और चीन चीलोंग बंदरगाह पर आने वाले तीर्थयात्रियों की जानकारी व्यवस्थित
रूप से जुटा रहे हैं। निरौला ने कहा कि दोनों देशों के पास आपदा राहत और रोकथाम के क्षेत्र में
सफल सहयोग का अनुभव है। उन्हें विश्वास है कि दोनों पक्ष मिलकर इस प्राकृतिक आपदा के
बाद राहत और पुनर्वास के कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करेंगे।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)





