भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आखिरकार अपने 52 साल लंबे इंतजार का अंत करते हुए 2025 महिला वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए ऐतिहासिक फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर नया इतिहास रच दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवरों में 298 रन बनाए थे। जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम लॉरा वोल्वार्ड्ट के शतक (101 रन) के बावजूद 246 रन पर सिमट गई।
फाइनल मुकाबले में भारत की जीत की सबसे बड़ी हीरो रहीं शेफाली वर्मा, जिन्होंने 87 रनों की यादगार पारी खेली और फिर गेंदबाजी में दो अहम विकेट लेकर टीम को जीत की राह पर लाकर खड़ा किया। फाइनल में उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने उन्हें सही समय पर गेंदबाजी का मौका देकर बड़ा दांव खेला, और शेफाली ने उस भरोसे को शानदार तरीके से निभाया।
वहीं, पूरे टूर्नामेंट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली दीप्ति शर्मा को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ घोषित किया गया। उन्होंने फाइनल में 9.3 ओवर में 39 रन देकर 5 विकेट चटकाए और साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ दी। उनके दमदार प्रदर्शन ने भारत को पहली बार विश्व चैंपियन बनाने में निर्णायक भूमिका निभाई।
25 साल बाद महिला वनडे क्रिकेट को नया चैंपियन मिला है। अब तक केवल ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड ही यह खिताब जीत पाए थे, लेकिन 2025 में भारत ने इतिहास को नया मोड़ दे दिया है। यह जीत न केवल भारतीय क्रिकेट के लिए बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है।