एग्जिट पोल में एनडीए की बल्ले बल्ले …यूपी, एमपी सहित इन राज्यों में खिल रहा कमल

NDA success in exit polls Lotus blooming in these states including UP MP

लोकसभा चुनाव के सभी सात चरण की वोटिंग पूरी हो गई है। अब 4 जून को नतीजे को आएंगे। लेकिन उससे पहले तमाम न्यूज चैनलों और एजेंसियों के एग्जिट पोल सामने आए हैं। करीब दस एग्जिट पोल में एनडीए को 350 से ज्यादा तो इंडिया गठबंधन को महज 125 से करीब 161 सीट मिलने का अनुमान जताया गया है।

हिंदी पट्टी के राज्य उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली में भाजपा को एकतरफा बढ़त का अनुमान जताया गया है। इन राज्यों की करीब 90% से ज्यादा सीटों पर चुनाव में बीजेपी की जीत तय मानी जा रही है। एमपी में लोकसभा की 29 सीटे हैं जिनमें से भाजपा को 28 से 29 और वहीं राजस्थान में भी 23 से लेकर 25 सीट तक मिलने का अनुमान जताया गया है।

लोकसभा की 80 सीटों वाले राज्य उत्तरप्रदेश में 69 से 74 और छत्तीसगढ़ में 11 की 11 सीटें आ सकती हैं। पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी दल टीएमसी की मुखिया और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बड़ा झटका लग सकता है। यहां भाजपा 26 से 31 सीट जीत सकती है। टीएमसी 11 से 14 सीट जीत सकती है।

एमपी में फिर खिल सकता है हर सीट पर कमल!

मध्य प्रदेश में फिर कमल खिल सकता है। मध्य प्रदेश लोकसभा चुनाव में इस बार भी भाजपा को बढ़त मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है। 1 जून शाम को सामने आए तमाम सर्वे में भाजपा को मप्र में 28-29 सीटें दी गई हैं। अपनी बड़ी जीत का दावा कर रही कांग्रेस इन आंकड़ों से चिंतित नजर आ रही है। क्योंकि कई सर्वे में बीजेपी क्लीन स्वीप करते नजर आ रही है। इसका सीधा सा मतलब यह है कि इसमें छिंदवाड़ा सीट भी इस बार कांग्रेस के हाथ से जाती दिख रही है। बता दें कि मध्य प्रदेश की 29 सीटों के लिए चार चरणों में मतदान हुआ था। कांग्रेस लगातार दावा कर रही थी कि इस बार प्रदेश में भाजपा को बड़ा नुकसान होगा। पर आज आए एग्जिट पोल भाजपा को बढ़त दिखा रहे हैं।

राजस्थान में कम हो सकती है बीजेपी की सीट

भाजपा को राजस्थान में बड़ा झटका लग रहा-एग्जिट पोल में भाजपा को राजस्थान में बड़ा झटका लग रहा है। वहीं, कांग्रेस के उम्मीद की किरण दिखाई दे रही है। ज्यादातर एंजेंसियों के एग्जिट पोल में भाजपा पिछले दो चुनाव की तरह प्रदेश में क्लीन स्वीप करती नजर नहीं आ रही है। कांग्रेस और अन्य पार्टियों ने राजस्थान में भाजपा को जीत की हैट्रिक लगाने से रोक दिया है। एग्जिट पोल में भाजपा के खाते में करीब 20 सीट ही जाती दिखाई दे रहीं हैं, जबकि पांच से अधिक सीटों पर कांग्रेस की बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है। हालांकि, सभी एजेंसियों का आंकड़ा अलग-अलग है।

पंजाब में इंडी गठबंधन को 7-9 सीटें मिलने का अनुमान

पंजाब में कांग्रेस को 2019 का प्रदर्शन दोहराने की उम्मीद नजर आ रही है। कांग्रेस को 7 से 9 सीटें जीतने का अनुमान है। जबकि राज्य में सत्तारूढ़ AAP के निराशाजनक प्रदर्शन  0-2 सीटें मिलने की संभावना है।

झारखंड में भाजपा को जीत मिलने का अनुमान

एग्जिट पोल पर भरोसा करें तो झारखंड में भाजपा को 8 से 10 सीट मिलने की उम्मीद है। जबकि इंडिया गठबंधन को 4 से 6 सीटें मिलने के आसार है। वहीं, इससे आईएनडीआईए को एकतरफा हार मिलने की संभावना दिख रही है। झारखंड में इसबार भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनती दिख रही है।

बिहार में इंडिया गठबंधन की हार…एनडीए को बढ़त!

लोकसभा की 40 सीटों वाले बिहार की बात करें तो यहां एनडीए को बढ़त मिलती नजर आ रही है। भाजपा को 13 से 15 सीटें मिल सकती हैं तो वहीं नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू को 9 से 11 सीट मिलने की उम्मीद हैं। इसके अलावा चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को भी पांच सीटें मिल सकती हैं।

Exit mobile version