Assam Assembly Elections 2026 असम चुनाव भाजपा को झटका मंत्री कांग्रेस में शामिल

असम विधानसभा चुनाव 2026 से पहले भारतीय जनता पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। हिमंत बिस्वा सरमा सरकार में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रहीं नंदिता गरलोसा ने बीजेपी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। टिकट न मिलने से नाराज गरलोसा अब कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में हाफलोंग सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगी। उनके इस फैसले से चुनावी समीकरणों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव निर्मल लंगथासा की मौजूदगी में गरलोसा ने औपचारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नंदिता गरलोसा पिछले पांच वर्षों से दीमा हसाओ क्षेत्र की मजबूत आवाज रही हैं और उन्होंने हमेशा अपने सिद्धांतों पर कायम रहकर जनता के हितों की बात उठाई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार आदिवासी इलाकों की जमीन को लेकर संवेदनशील नहीं रही, जिसके कारण गरलोसा को पार्टी छोड़ने का फैसला लेना पड़ा। बताया जा रहा है कि बीजेपी ने इस बार हाफलोंग सीट से नंदिता गरलोसा की जगह नए चेहरे रुपाली लांगथासा को उम्मीदवार बनाया है। टिकट कटने के बाद गरलोसा ने पार्टी से दूरी बना ली। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को उनसे मुलाकात भी की, लेकिन बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकला। गौरतलब है कि असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए 9 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। ऐसे में गरलोसा का कांग्रेस में शामिल होना चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना सकता है।

Exit mobile version