मुंबई। महाराष्ट्र के नागपुर में राष्ट्रीय संघ मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। एक अज्ञात शख्स ने कॉल करके यह धमकी दी है। इसकी जानकारी पुलिस को दे दी गई है, जिसके बाद से ही पूरे मामले की जांच में पुलिस लग गई है। संघ मुख्यालय की पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल को भी तैनात किया गया है।
बता दें कि संघ मुख्यालय में पहले से CRPF की एक टुकड़ी पहले से ही सुरक्षा पर रहती है। साथ ही, यहां पर वीडियोग्राफी या फिर किसी भी तरह के ड्रोन उड़ाने पर पहले से ही पाबंदी लगी हुई है। शनिवार यानी 31 दिसंबर की सुबह आए धमकी भरे कॉल के बाद आरएसएस मुख्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बता दें कि संघ प्रमुख मोहन भागवत इन दिनों कर्नाटक के प्रवास पर हैं।
आधिकारिक बयान नहीं आया
अज्ञात शख्स की ओर से आरएसएस मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा फोन कॉल नागपुर पुलिस कंट्रोल रूम में आया था। हालांकि, इसको लेकर पुलिस की ओर से या नागपुर पुलिस आयुक्त की ओर से कोई भी आधिकारिक बयान अभी तक नहीं आया है। इसके पहले शुक्रवार को कथित तौर पर लश्कर-ए-तैयबा की ओर से आए एक मेल में मुंबई के प्रसिद्ध माउंट मेरी चर्च पर हमला करने की धमकी दी गई थी।





