कुछ यात्राएं सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह तक पहुंचने के लिए नहीं होतीं, बल्कि अपने साथ कई नए अनुभव और
कहानियां लेकर आती हैं। शांगहाई की यह यात्रा भी मेरे लिए कुछ ऐसी ही रही। पेइचिंग से शंघाई तक का सफर,
दुनिया के अलग-अलग देशों के कारोबारियों से मुलाकात और एक अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी को करीब से देखने का
अनुभव। नौवें चीन अंतर्राष्ट्रीय आयात एक्सपो (CIIE) के ये छह दिन मेरे लिए सिर्फ एक असाइनमेंट नहीं, बल्कि कई
नई जानकारियों, अनुभवों और यादों से भरी एक खास यात्रा रहे।
4 नवंबर की सुबह मैं अपनी चीनी सहकर्मी नीलम के साथ पेइचिंग से शांगहाई के लिए रवाना हुई। लगभग 1,200
किलोमीटर का यह रेल सफर अपने आप में एक अलग अनुभव था। खिड़की से गुजरते शहर, खेत और बदलते नजारे
देखते हुए मन में आने वाले दिनों की उत्सुकता थी। हमारा उद्देश्य था 5 से 10 नवंबर तक आयोजित होने वाले नौवें
चीन अंतर्राष्ट्रीय आयात एक्सपो को कवर करना। शांगहाई पहुंचने के साथ ही एक व्यस्त लेकिन रोमांचक पत्रकारिता
यात्रा की शुरुआत हो गई।
5 नवंबर को CIIE का भव्य उद्घाटन हुआ। शांगहाई स्थित नेशनल एग्जिबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस
प्रदर्शनी में दुनिया के अलग-अलग देशों की भागीदारी देखने को मिली। इस बार 4,142 विदेशी कंपनियां इसमें शामिल
हुईं और प्रदर्शनी का कुल क्षेत्रफल 4.40 लाख वर्ग मीटर से अधिक रहा।
एक पत्रकार के तौर पर मेरे लिए यह प्रदर्शनी कई मायनों में खास थी। यहां दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से आए
उत्पाद, नई तकनीकें, कारोबारी विचार और सांस्कृतिक विविधता एक ही जगह देखने को मिल रही थी। कभी किसी
देश के पवेलियन में पारंपरिक खानपान और हस्तशिल्प देखने को मिलता, तो कभी किसी दूसरे पवेलियन में
आधुनिक तकनीक और नए उत्पाद आकर्षित करते। हर देश अपनी अलग पहचान और संभावनाओं के साथ मौजूद
था।
इन छह दिनों में मैंने कई देशों के पवेलियन का दौरा किया। हर पवेलियन की अपनी खासियत थी। कहीं पारंपरिक
कला और संस्कृति की झलक थी, तो कहीं आधुनिक उद्योग और तकनीकी नवाचार का प्रदर्शन।
चीन के पवेलियन में आधुनिक तकनीक और पारंपरिक संस्कृति का अनूठा मेल देखने को मिला। रोबोटिक्स, कृत्रिम
बुद्धिमत्ता, बायोनिक हाथ और हाई-स्पीड ट्रेन के सिमुलेटर जैसी प्रस्तुतियों ने ध्यान आकर्षित किया। वहीं पारंपरिक
चीनी शिल्पकला ने यह दिखाया कि आधुनिक विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत को भी किस तरह सहेजा जा रहा
है।
इसके अलावा कंज्यूमर गुड्स पवेलियन में कई देशों की कंपनियों के उत्पादों को देखने और उनके प्रतिनिधियों से
बातचीत करने का अवसर मिला। चाय बनाने वाले रोबोट से लेकर फोटो खींचने वाले रोबोट तक, कई ऐसी चीजें देखने
को मिलीं, जिन्होंने इस प्रदर्शनी को मेरे लिए और भी दिलचस्प बना दिया।
इस यात्रा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा भारतीय और पाकिस्तानी कारोबारियों के साथ बातचीत करना रहा। CIIE में
भारतीय कारोबारियों से मुलाकात के दौरान मैंने उनके उत्पादों, चीन के बाजार में उनकी कारोबारी संभावनाओं और
इस अंतरराष्ट्रीय मंच से उनकी अपेक्षाओं को समझने की कोशिश की। कश्मीरी शॉल और कालीन से जुड़े भारतीय
कारोबारियों से बातचीत के दौरान भारत की पारंपरिक हस्तशिल्प कला और उसके अंतरराष्ट्रीय बाजार की
संभावनाओं पर चर्चा हुई।
अलग-अलग देशों से आए कारोबारियों से बातचीत करते हुए महसूस हुआ कि CIIE सिर्फ उत्पादों को प्रदर्शित करने का
मंच नहीं है। यह कारोबारियों को एक-दूसरे से जुड़ने, नए बाजारों को समझने और भविष्य में सहयोग की संभावनाएं
तलाशने का अवसर भी देता है।
हालांकि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य CIIE की कवरेज था, लेकिन शांगहाई आएं और इस खूबसूरत शहर को करीब से
देखने की कोशिश ना करें, ऐसा कैसे हो सकता था! व्यस्त रिपोर्टिंग शेड्यूल के बीच जब भी थोड़ा समय मिला, मैंने
शांगहाई को जानने और महसूस करने की कोशिश की।
हुआंगपु नदी के किनारे का शांगहाई बंड का नजारा, ऊंची इमारतें, आधुनिक वास्तुकला और शहर की जीवंतता मन
को आकर्षित करती रही। खास तौर पर बाओशान के वुसोंगकोउ इलाके में ग्लोबल क्रूज़ इकॉनमी को करीब से देखने का
अनुभव भी इस यात्रा का यादगार हिस्सा बना।
शंघाई सी वर्ल्ड के ओपन-एयर व्यूइंग प्लेटफॉर्म से बंदरगाह और विशाल क्रूज़ जहाजों को देखना अपने आप में खास
अनुभव था। एक तरफ अंतरराष्ट्रीय कारोबार और प्रदर्शनी की भागदौड़ थी, तो दूसरी तरफ शांगहाई का खूबसूरत और
शांत नजारा। इन पलों ने इस यात्रा को सिर्फ काम तक सीमित नहीं रहने दिया।
10 नवंबर को नौवें चीन अंतर्राष्ट्रीय आयात एक्सपो का समापन हो गया। इन छह दिनों में हमने कई पवेलियन कवर
किए, कई देशों के प्रतिनिधियों से बातचीत की, भारतीय और पाकिस्तानी कारोबारियों के अनुभव जाने और अलग-
अलग क्षेत्रों में हो रहे बदलावों को करीब से देखा। पेइचिंग से शांगहाई तक की यह यात्रा मेरे लिए एक ऐसी डायरी बन
गई है, जिसके हर पन्ने पर कोई नई मुलाकात, कोई नया अनुभव और कोई नई कहानी दर्ज है।
इस पूरी यात्रा में मेरी सहकर्मी नीलम का साथ भी खास रहा। एक साथ अलग-अलग पवेलियन कवर करना, रिपोर्टिंग
की तैयारियां करना और व्यस्त दिन के बाद शांगहाई को देखना- ये सभी पल अब इस यात्रा की खूबसूरत यादों का
हिस्सा हैं। CIIE से लौटते हुए मेरे पास कई रिपोर्ट, वीडियो और तस्वीरें तो हैं ही, साथ ही कुछ ऐसी यादें भी हैं, जिन्हें
शब्दों में पूरी तरह समेट पाना आसान नहीं है। शांगहाई की यह यात्रा अब खत्म हो चुकी है, लेकिन यहां मिली
कहानियां, लोगों से हुई मुलाकातें और अनुभव लंबे समय तक याद रहेंगे।
कुछ यात्राएं खत्म होकर भी खत्म नहीं होतीं। वे तस्वीरों, वीडियो और यादों के रूप में हमारे साथ चलती रहती हैं। मेरे
लिए CIIE की यह यात्रा भी कुछ ऐसी ही रहेगी।
(दिव्या पाण्डेय – चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)