सैलरी पर निर्भर नहीं दुनिया के अमीरों की जिंदगी, शेयरों से मिलने वाला डिविडेंड और निवेश बनते हैं कमाई का बड़ा आधार
आम आदमी की जिंदगी में सैलरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत होती है। महीने की पहली तारीख को वेतन आया तो घर का बजट बना, ईएमआई चुकाई, बच्चों की फीस भरी और बाकी खर्चों का हिसाब लगाया। लेकिन जरा सोचिए, अगर किसी व्यक्ति के पास हजारों करोड़ की संपत्ति हो और वह वर्षों तक कंपनी से वेतन ही न ले, तब भी उसकी जिंदगी में पैसों की कोई कमी न हो तो इसकी वजह क्या होगी?
देश के सबसे बड़े उद्योगपतियों में शामिल मुकेश अंबानी का उदाहरण इसी आर्थिक मॉडल को समझने का मौका देता है। वेतन न लेना और अपनी हिस्सेदारी के शेयर न बेचना, इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं कि उनकी कमाई बंद हो गई। दरअसल, बड़े उद्योगपतियों की कमाई का गणित नौकरीपेशा लोगों से बिल्कुल अलग होता है। यहां कमाई का आधार केवल काम के बदले मिलने वाला वेतन नहीं, बल्कि संपत्ति का स्वामित्व और उससे पैदा होने वाली आय होती है।
डिविडेंड: बिना शेयर बेचे कमाई का रास्ता
मुकेश अंबानी की कमाई का सबसे महत्वपूर्ण आधार रिलायंस इंडस्ट्रीज में उनकी हिस्सेदारी से मिलने वाला लाभांश यानी डिविडेंड है। जब कोई कंपनी मुनाफा कमाती है और अपने शेयरधारकों को उसका एक हिस्सा बांटती है, तो उसे डिविडेंड कहते हैं।
रिलायंस की 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने प्रति शेयर 6 रुपये का डिविडेंड प्रस्तावित किया है। मुकेश अंबानी के व्यक्तिगत नाम पर करीब 1.61 करोड़ शेयर हैं। इस हिसाब से उन्हें व्यक्तिगत शेयरों पर लगभग 9.66 करोड़ रुपये का डिविडेंड मिल सकता है। लेकिन असली आंकड़ा इससे कहीं बड़ा है। प्रमोटर समूह की कंपनियों के पास रिलायंस की लगभग 50 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इस हिस्सेदारी पर मिलने वाला डिविडेंड हजारों करोड़ रुपये तक पहुंचता है। हालांकि इसे मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत कमाई मानना सही नहीं होगा।
मुंबई इंडियंस का स्वामित्व रिलायंस समूह से जुड़ी कंपनी इंडियाwin स्पोर्ट्स के पास है। खेल, ब्रांड, विज्ञापन और व्यावसायिक साझेदारियां इस कारोबारी साम्राज्य का हिस्सा हैं। इसके अलावा रियल एस्टेट और दूसरे निवेश भी बड़े कारोबारी समूहों की संपत्ति बढ़ाने में भूमिका निभाते हैं।
असली कमाई का गणित क्या है?
मुकेश अंबानी ने कोरोना महामारी के दौरान 2020 से वेतन लेना बंद किया था। 2025-26 में लगातार छठे साल भी उनका वेतन शून्य रहा । ही अमीर और आम नौकरीपेशा व्यक्ति के आर्थिक मॉडल का अंतर है। आम आदमी अपनी मेहनत के बदले वेतन कमाता है, जबकि बड़े उद्योगपति अपनी संपत्तियों और कंपनियों में हिस्सेदारी से भी कमाई करते हैं। मुकेश अंबानी का उदाहरण बताता है कि असली आर्थिक ताकत सिर्फ बड़ी सैलरी में नहीं, बल्कि संपत्ति के स्वामित्व और उससे पैदा होने वाली आय में छिपी होती है।