MP चुनाव 2023: गुना सीट पर उम्मीदवार क्यों फाइनल नहीं कर पा रही बीजेपी, इस बीच 8 प्रत्याशियों ने भरा पर्चा
एमपी चुनाव 2023 के मद्देनजर बीजेपी अभी तक गुना विधानसभा सीट पर अपना उम्मीदवार घोषित नहीं कर पाई है. कांग्रेस ने युवा पंकज कनेरिया को मैदान में उतारा है लेकिन बीजेपी में उम्मीदवार चयन को लेकर मंथन अभी भी जारी है. इस बीच गुना की आरक्षित सीट पर टिकट पाने की उम्मीद लगाए बैठे 8 बीजेपी नेताओं ने पार्टी की ओर से नामांकन दाखिल कर दिया है. अब तक बीजेपी पांच सूचियां जारी कर चुकी है और मध्य प्रदेश की 228 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है, सिर्फ गुना और विदिशा विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा बाकी है.
8 दाखिलों में मौजूदा विधायक, 2 सिंधिया समर्थक
पर्चा दाखिल करने वाले भाजपा नेताओं में वर्तमान विधायक गोपीलाल जाटव, पूर्व विधायक पन्नालाल शाक्य, सिंधिया समर्थक नीरज निगम, सांसद प्रतिनिधि रमेश मालवीय, सेवानिवृत्त सीएमएचओ पुरूषोत्तम बुनकर, कमरलाल परसोलिया, नारायण पंत, सिंधिया समर्थक ओमप्रकाश नरवरिया शामिल हैं।
बीजेपी का गढ़
दरअसल, गुना विधानसभा सीट बीजेपी का गढ़ मानी जाती है. गुना सीट पर 2003 से लगातार बीजेपी प्रत्याशी परचम लहरा रहे हैं. परंपरागत रूप से गुना विधानसभा सीट आरएसएस के खाते में जाती है, यहां प्रत्याशी चयन से लेकर रणनीति बनाने तक का काम भी संघ ही तय करता है. लेकिन इस बार हालात अलग नजर आ रहे हैं. गुना विधानसभा सीट के लिए ज्योतिरादित्य सिंधिया कड़ी मेहनत कर रहे हैं.
सिंधिया इस सीट पर अपने समर्थक का चयन करना चाहते हैं
सिंधिया इस सीट के लिए अपने समर्थकों में से ही किसी व्यक्ति का चयन करना चाहते हैं. इसीलिए गुना विधानसभा सीट को अब तक होल्ड पर रखा गया है. नामांकन दाखिल करने वाले नेताओं ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि उन्हें टिकट मिलेगा. फिलहाल उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है और मंदिरों के चक्कर लगाने शुरू कर दिए हैं.