मध्यप्रदेश ने पूंजीगत व्यय और निर्यात में बनाई नई पहचान…सीएम डॉ.मोहन यादव ने कहा डेढ़ माह में 5.60 लाख मीट्रिक टन यूरिया मिलने की संभावना
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश लगातार विकास के नए आयाम गढ़ रहा है। मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने प्रदेश की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में मध्यप्रदेश ने पूंजीगत व्यय के मामले में देश के शीर्ष तीन राज्यों में जगह बनाई है। साथ ही निर्यात में भी 6 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भोपाल मेट्रो ट्रेन के शुभारंभ और किसान सम्मेलन के लिए आमंत्रित करने की जानकारी दी।
पूंजीगत व्यय में मध्यप्रदेश देश के शीर्ष 3 राज्यों में
कैग के ताज़ा आंकड़ों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में देश के 16 राज्यों ने पूंजीगत व्यय में वृद्धि दर्ज की है। इसमें गुजरात 65 प्रतिशत वृद्धि के साथ पहले स्थान पर, उत्तर प्रदेश 42 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर और मध्यप्रदेश 41 प्रतिशत वृद्धि के साथ तीसरे स्थान पर रहा। यह अब तक का प्रदेश का सबसे उत्कृष्ट प्रदर्शन है। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए मंत्रि-परिषद के साथियों और पूरी सरकारी मशीनरी को बधाई दी।
66,218 करोड़ रुपए का हुआ निर्यात
मुख्यमंत्री ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में मध्यप्रदेश ने अब तक का सबसे अधिक 66,218 करोड़ रुपए का निर्यात किया है। यह पिछले साल की तुलना में 6 प्रतिशत अधिक है। निर्यात वृद्धि का श्रेय मुख्य रूप से फार्मास्युटिकल, इंजीनियरिंग गुड्स और सोया उत्पादों को जाता है। इसके चलते राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश की रैंकिंग 15वें स्थान से सुधरकर 11वें स्थान पर पहुंच गई है।
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना का स्वागत
बैठक में मंत्रि-परिषद ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई विकसित भारत रोजगार योजना के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत निजी क्षेत्र में नौकरी पाने वाले युवाओं को केंद्र सरकार की ओर से 15 हजार रुपए की सहायता मिलेगी। पूरे देश में लगभग 3 करोड़ 50 लाख युवाओं को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस योजना से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी और रोजगार सृजन में बड़ा इज़ाफा होगा। डॉ. यादव ने बताया कि इस दीपावली पर केंद्र सरकार जीएसटी में बड़े सुधार लागू करेगी, जिससे दैनिक उपयोग की चीजें सस्ती होंगी और टैक्स भार भी घटेगा।
स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में नवाचार
मुख्यमंत्री ने हाल ही में सम्पन्न हुए स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए बताया कि इस बार राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सभी जिलों में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। साथ ही जिला स्तरीय कार्यक्रमों में मुख्य अतिथियों ने अपने-अपने जिलों की विकास उपलब्धियों और योजनाओं की प्रगति की जानकारी आमजन को दी।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि आगामी समय में प्रत्येक जिले के विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति पर आधारित पुस्तकें प्रकाशित की जाएं और उनका विमोचन समारोहपूर्वक किया जाए।
डेढ़ माह में 5.60 लाख मीट्रिक टन यूरिया मिलने की संभावना
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने बताया कि अब तक मध्यप्रदेश में करीब 13.92 लाख मीट्रिक टन यूरिया किसानों को बांट दिया गया है। प्रदेश की कुल 15.60 लाख मीट्रिक टन भंडारण क्षमता में से मौजूदा स्थिति में करीब 1.68 लाख मीट्रिक टन यूरिया अब भी केन्द्र सरकार से मिलना बाकी है। इस बीच एमपी में मक्का का क्षेत्रफल करीब 5 लाख हेक्टेयर तक बढ़ने से खाद की मांग में भी तेजी से वृद्धि हुई है। राज्य के किसानों की जरुरतों को देखते हुए अगले डेढ़ माह में करीब 5.60 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्त यूरिया मिलने की संभावना जताई गई है।
भोपाल मेट्रो और किसान सम्मेलन के लिए पीएम मोदी को आमंत्रण
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने बताया कि हाल ही में उनकी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से दिल्ली में मुलाकात हुई। उन्होंने प्रधानमंत्री को प्रदेश में जारी विकास कार्यों से अवगत कराया और उन्हें आगामी दिनों में भोपाल मेट्रो ट्रेन के शुभारंभ और विशाल किसान सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। संभावना जताई गई है कि प्रधानमंत्री इन दोनों कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
श्री महाकाल की सवारियों में नवाचार
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष उज्जैन में भगवान श्री महाकाल की पारंपरिक सवारियों को नई थीम के साथ प्रस्तुत किया गया। पहली सवारी वैदिक उद्घोष के साथ निकली जबकि अन्य सवारियां लोक संस्कृति, पर्यटन और जनजातीय कला को समर्पित रहीं। इसमें प्रदेश के आदिवासी अंचलों के कलाकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खास बात यह रही कि राजसी सवारी के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जिसके लिए शहरवासियों से पुष्प एकत्र किए गए थे।
आत्मनिर्भर भारत की ओर कदम
मुख्यमंत्री ने स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर बल देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आर्थिक नीतियां देश को मजबूती प्रदान कर रही हैं। रायसेन जिले के उमरिया गांव में बीईएमएल के आधुनिक रेल कोच कारखाने का शिलान्यास इसी दिशा में एक बड़ी सौगात है। इससे प्रदेश में रोजगार और औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा।इसी तरह धार जिले में पीएम मित्रा पार्क की स्थापना से मध्यप्रदेश की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को नई उड़ान मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे ‘फार्म-टू-फॉरेन’ की अवधारणा साकार होगी और किसान से लेकर उद्योग तक सबको लाभ मिलेगा। मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव का संबोधन प्रदेश की प्रगति का रोडमैप साबित हुआ। पूंजीगत व्यय में रिकॉर्ड वृद्धि, निर्यात में उल्लेखनीय सुधार, रोजगार सृजन की दिशा में नई योजनाएं और किसानों की खाद जरूरतों की पूर्ति जैसे मुद्दों ने प्रदेश की नीतियों की मजबूती को स्पष्ट किया। आने वाले समय में भोपाल मेट्रो ट्रेन का शुभारंभ, विशाल किसान सम्मेलन, बीईएमएल कारखाना और पीएम मित्रा पार्क जैसे प्रोजेक्ट प्रदेश के औद्योगिक व कृषि परिदृश्य को नई दिशा देंगे। ..(प्रकाश कुमार पांडेय)





