शाजापुर-कालापीपल में जन आक्रोश यात्रा,मालवा निमाड़ की 66 सीटों पर राहुल गांधी की नजर

MP Assembly Election Rahul Gandhi Shajapur Kalapipal

मध्यप्रदेश में नवंबर के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। जहां बीजेपी के दिग्गज नेता प्रदेश में रिकॉर्ड तोड़ जनसभाएं कर रहे हैं तो वहीं कांग्रेस भी अब इसी दिशा में आगे बढ़ रही है। आज शनिवार 30 सितंबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी मध्यप्रदेश के दौरे पर रहेंगे। वे शाजापुर के काला पीपल में जन आक्रोश यात्रा में शामिल होंगे। विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। बता दें मध्यप्रदेश में प्रियंका गांधी ने 12 जून को चुनावी शंखनाद किया था। उसके बाद अब राहुल गांधी अब फिर आ रहे हैं।

वैसे सूबे की सियासत में मालवा-निमाड़ का सिक्का चलता है। इस क्षेत्र में जीत दर्ज करने वाली पार्टी का सीएम ही बनता है। मप्र विधानसभा चुनावों में यह क्षेत्र भी खासा अहम माना जाता है। मालवा-निमाड़ वह इलाका है जहां इंदौर और उज्जैन संभाग के तहत 66 विधानसभा सीट आती हैं। किसान और आदिवासी बहुल मालवा-निमाड़ में चुनाव से पहले कांग्रेस और बीजेपी को अपना राजनीतिक भविष्य तलाशती दिखाई दे रही हैं। ऐसे में मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव अभियान के तहत राहुल गांधी पहली बार मध्य प्रदेश में आज 30 सितंबर को आ रहे हैं। इसके लिए अन्य पिछड़ा वर्ग और किसान बहुल क्षेत्र कालापीपल के पोलायकलां का चयन किया गया है। यहां पूर्व मंत्री जीतू पटवारी जन आक्रोश यात्रा लेकर पहुंच रहे हैं। जिसमें राहुल गांधी भी शामिल होंगे। कार्यक्रम का प्रभारी पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा को बनाया गया है। कांग्रेस पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि पांच अक्टूबर को प्रियंका गांधी वाड्रा का धार के मोहनखेड़ा में कार्यक्रम है। इसे देखते हुए शाजापुर, आगर-मालवा, देवास और इंदौर से अधिक संख्या में कार्यकर्ता कालापीपल पहुंचेंगे। मण्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ राहुल गांधी के साथ ही दिल्ली से आएंगे। जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित अन्य प्रदेश पदाधिकारी भाग लेंगे। कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक का कहना है। इस बार शाजापुर में राहुल गांधी सभा माहौल को कांग्रेस के पक्ष में करेंगे। 18 सालों में शिवराज सरकार ने क्या नहीं किया यह बताएंगे साथ ही कांग्रेस की सरकार ने क्या किया। इसके बारे में भी बात करेंगे।

बीजेपी ने मांगा पुराना हिसाब

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा राहुल गांधी के एमपी दौरे को लेकर तंज कसा है। वीडी शर्मा ने कहा है हम आपका स्वागत करते हैं, लेकिन साढ़े नौ करोड़ जनता आपसे सवाल पूछना चाहती है। पिछले चुनाव के पहले जो वादे किए थे? 10 दिन के अंदर सीएम बदलने के वादे किए थे? बेटियों की शादी के लिए वादे किए थे। उन वादों का क्या हुआ? इन सब सवालों का राहुल गांधी को जवाब देना चाहिए। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनावों के चलते केंद्रीय नेतृत्व के दौरे लगातार जारी हैं। हाल ही प्रधानमंत्री मोदी का भोपाल दौरा था और अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी का 30 सितंबर को एमपी दौरा है। दौरे को लेकर कांग्रेस काफी उत्साहित है। जबकि बीजेपी दौरे पर तंज कस रही है। अब देखने वाली बात है। राहुल गांधी का यह दौरा कितना सफल होता है।

Exit mobile version