दिल्ली में मानसून देगा समय से पहले दस्तक: गर्मी से मिलेगी राहत…किसानों को भी होगा ये फायदा
भीषण गर्मी से जूझ रहे दिल्लीवासियों के लिए मौसम विभाग Indian Meteorological Department ने राहत भरी खबर दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग IMD के अनुसार इस साल दिल्ली में मानसून सामान्य तिथि से 7 से 10 दिन पहले दस्तक दे सकता है। आमतौर पर दिल्ली में मानसून 30 जून के आसपास आता है, लेकिन इस बार मध्य जून में ही बारिश शुरू होने की संभावना है।
दक्षिण भारत में मानसून ने पकड़ी रफ्तार
दक्षिण भारत में पिछले करीब 10 दिनों की सुस्ती के बाद मानसून ने दोबारा जोर पकड़ लिया है। बुधवार से केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, कोंकण और महाराष्ट्र में भारी से बहुत भारी बारिश हो रही है। यह मानसून के मजबूत होते सिस्टम का संकेत है, जो अब उत्तर भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने बताया है कि अब मानसून की गति में कोई रुकावट नहीं आने वाली और यह अगले कुछ दिनों में देश के अन्य हिस्सों को भी कवर करेगा।
पूर्वी भारत में भी जल्द बरसात
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की दूसरी लहर अगले एक सप्ताह के भीतर पूर्वी भारत को भिगो सकती है। बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 5-7 दिनों में अच्छी बारिश का अनुमान है। इसके बाद यह लहर पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली की ओर बढ़ेगी। विशेषज्ञों के मुताबिक, 19 से 25 जून के बीच दिल्ली में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो सकता है।
दिल्ली में दिखने लगे संकेत
दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में मानसून के पहले संकेत दिखाई देने लगे हैं। नमी का स्तर बढ़ गया है और वातावरण में उमस महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्री-मानसून बारिश और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इन हल्की बारिशों से गर्मी की तीव्रता में कमी आने की उम्मीद है।
किसानों और पर्यावरण के लिए वरदान
मानसून का समय से पहले आना न केवल शहरवासियों के लिए, बल्कि किसानों के लिए भी बेहद लाभकारी है। बारिश खेतों में नमी बनाए रखेगी जिससे खरीफ फसलों की बुवाई समय पर और सही ढंग से हो सकेगी। धान, मक्का, मूंग जैसी फसलों को इससे बहुत लाभ होगा। वहीं पर्यावरण के लिहाज से भी यह मानसून तपते हुए शहर को राहत और ताजगी देगा। दिल्लीवासियों को जहां बीते सप्ताहों की भीषण गर्मी से अब राहत मिलने जा रही है, वहीं जल्दी आने वाला मानसून आमजन, किसान और पर्यावरण तीनों के लिए वरदान साबित होगा। मौसम विभाग की चेतावनियों और पूर्वानुमानों को देखते हुए अब राजधानी में मानसून की घड़ियां शुरू हो चुकी हैं। लोगों को अब बारिश का बेसब्री से इंतजार है ताकि वे तपती गर्मी से राहत की सांस ले सकें। ..(प्रकाश कुमार पांडेय)