देशभर में मॉनसून का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। छत्तीसगढ़ और आसपास बने कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से मध्य और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश होगी। यह प्रणाली 18 अगस्त की सुबह तक गुजरात पहुंचेगी और चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय रहेगी। इसके चलते महाराष्ट्र, गोवा और गुजरात समेत पश्चिमी भारत के कई हिस्सों में अगले 7 दिनों तक भारी बारिश की संभावना है।
आइए जानते हैं देश के प्रमुख राज्यों और शहरों का मौसम पूर्वानुमान—
दिल्ली-एनसीआर : हल्की बारिश के साथ बादलों का डेरा रहेगा। दिल्ली-एनसीआर में 19 अगस्त तक बादल छाए रहेंगे,आईएमडी ने इसकी संभावना जताई है। आज शाम : हल्की बूंदाबांदी की संभावना। वहीं 17 से 19 अगस्त के बीच गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। तापमान सामान्य के आसपास रहेगा। अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के चलते वायु गुणवत्ता में सुधार होगा और गर्मी से राहत मिलेगी।
उत्तर प्रदेश : पश्चिम और पूर्वी यूपी में अलग-अलग असर
उत्तर प्रदेश में कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। पश्चिमी यूपी : मेरठ, शामली, मुजफ्फरनगर, आगरा, अलीगढ़, मुरादाबाद और बरेली में 16 से 22 अगस्त तक लगातार भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी यूपी के वाराणसी के साथ ही गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, मऊ, कुशीनगर ही नहीं संत कबीर नगर में भी 21 से 22 अगस्त को तेज बारिश की संभावना है। लखनऊ और आसपास के जिलों में तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री कम रहेगा।
बिहार : 20 से 22 अगस्त तक भारी बारिश
बिहार में आज बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश होगी। आने वाले 4 दिनों तक मौसम सामान्य रहने की संभावना है। वहीं 20 से 22 अगस्त तक बिहार में कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया हैहै। पटना में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री दर्ज किया गया।
उत्तराखंड : मूसलाधार बारिश और बादल फटने का खतरा
उत्तराखंड में मॉनसून तबाही मचा रहा है। पिछले दिनों बादल फटने की घटनाओं में कई लोगों की मौत हुई है। लगातार बारिश से भूस्खलन और बाढ़ का खतरा बढ़ा है। मौसम विभाग ने 16 और 17 अगस्त को मूसलाधार बारिश का अनुमान जताया है। नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 18 डिग्री दर्ज किया गया है।
पूर्वोत्तर भारत : 7 दिनों तक भारी बारिश
पूर्वोत्तर राज्यों में मॉनसून का प्रभाव सबसे ज्यादा दिखाई देगा। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 7 दिनों तक भारी बारिश जारी रहेगी।
अरुणाचल प्रदेश में 19 से 21 अगस्त तक बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
पश्चिमी भारत : गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा में अलर्ट —छत्तीसगढ़ और आसपास के कम दबाव के असर से यह प्रणाली 18 अगस्त तक गुजरात पहुंचेगी।
इससे गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा में लगातार तेज बारिश होगी। मुंबई में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट है। अहमदाबाद और सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्रों में भी अगले 7 दिनों तक बारीक से तेज बारिश की संभावना है।
दक्षिण भारत : बारिश का सामान्य असर
चेन्नई और तमिलनाडु के तटीय जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। हल्के बादल और कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। केरल में अगले 2-3 दिनों तक मध्यम बारिश का अनुमान है।
प्रमुख शहरों का तापमान (5 अगस्त के आंकड़े)
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
दिल्ली 33°C 24°C
मुंबई 29°C 24°C
कोलकाता 34°C 27°C
चेन्नई 33°C 27°C
पटना 35°C 29°C
अहमदाबाद 32°C 27°C
जयपुर 32°C 26°C
अमृतसर 30°C 27°C
नैनीताल 23°C 18°C
भोपाल 34°C 25°C
लखनऊ 35°C 28°C
मछुआरों के लिए अलर्ट
मौसम विभाग ने मछुआरों को चेतावनी दी है कि वे 16 से 21 अगस्त तक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ समुद्री हिस्सों में न जाएं। ऊंची लहरें और तेज हवाओं की संभावना है। इन क्षेत्रों में समुद्री गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखने की सलाह दी गई है। 16 से 22 अगस्त 2025 तक मॉनसून के पूरे देश में सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी भारत की बात करें गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा में भारी बारिश। उत्तर भारत में उत्तराखंड और यूपी में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा। पूर्वोत्तर भारत में 7 दिनों तक लगातार भारी बारिश।
दिल्ली-एनसीआर : हल्की से मध्यम बारिश और सुहावना मौसम।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। विशेषकर नदी किनारे और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय करना बेहद जरूरी होगा। (प्रकाश कुमार पांडेय)