मार्च में मानसून जैसे हालात: बर्फबारी, आंधी-बारिश से बदला मौसम… यूपी में 2 की मौत; आगे क्या कहता है IMD

change weather

मार्च में मानसून जैसे हालात: बर्फबारी, आंधी-बारिश से बदला मौसम, यूपी में 2 की मौत; आगे क्या कहता है IMD

देश के कई हिस्सों में मार्च के महीने में ही मानसून जैसे हालात बन गए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, इसकी मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ है, जो पिछले कुछ दिनों से लगातार सक्रिय बना हुआ है। इसके प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी राज्यों में बारिश व तेज हवाओं का दौर जारी है।

उत्तर भारत में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार पांचवें दिन मध्यम से भारी बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि निचले इलाकों में बारिश से तापमान में गिरावट आई है। जम्मू और कश्मीर और उत्तराखंड में भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हुआ है, जिससे ठंड का असर फिर से बढ़ गया है।

वहीं मैदानी इलाकों में दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। मार्च में आमतौर पर बढ़ने वाली गर्मी की जगह ठंड का अहसास हो रहा है, जिससे लोगों को फिर से गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं। शनिवार को हालांकि दिल्ली-NCR में मौसम कुछ हद तक साफ रहा, लेकिन 22 मार्च को फिर बादल छाए रहने और 23 मार्च तक हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। 24 मार्च को भी आसमान में बादल बने रहेंगे।

मध्य भारत में भी मौसम का असर साफ दिखा। मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, जबकि बिहार और उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर बारिश हुई। इस बेमौसम बारिश का असर किसानों पर भी पड़ा है। गेहूं और सरसों की फसलों को नुकसान की खबरें सामने आई हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

इसी बीच खराब मौसम ने जानलेवा रूप भी ले लिया। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी और झांसी में आंधी-बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। बाराबंकी में एक व्यक्ति की मौत तब हुई जब बिजली गिरने से हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर जमीन पर गिर गया। इस तरह की घटनाओं ने मौसम के खतरनाक रूप को उजागर कर दिया है।

आगे कैसा रहेगा मौसम?

IMD के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत में मौसम अस्थिर बना रहेगा।

हालांकि इसके बाद धीरे-धीरे मौसम साफ होने और तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं। मार्च में इस तरह के मौसम ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं ने खतरा भी बढ़ा दिया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, खुले स्थानों से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है।

Exit mobile version