कहां गया मानसून? जानें कैसा रहेगा MP में अगले 72 घंटे मौसम का मिजाज…IMD ने बताया अब कब होगी बारिश
राज्य में सामान्य से अधिक बारिश, फिलहाल राहत की उम्मीद
मध्य प्रदेश में इस साल मानसून की शुरुआत ने शुरुआत में लोगों को गर्मी से राहत दी, लेकिन अब हालात थोड़े अलग नजर आ रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से बारिश में कमी आई है, जिससे तापमान में इजाफा हुआ है और लोगों के मन में यह सवाल उठने लगे हैं कि मानसून गया कहां? मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले 72 घंटों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की संभावना नहीं है, जिससे लोगों को कुछ अस्थायी राहत जरूर मिलेगी, लेकिन सूखे की आशंका नहीं है।
अब तक सामान्य से 8 इंच अधिक बारिश
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इस साल 1 जून से 20 जुलाई 2025 तक एमपी में औसतन करीब 20.5 इंच वर्षा दर्ज की है। यह सामान्य औसत 12.3 इंच से लगभग 8.2 इंच अधिक बताई जा रही है। प्रदेश के निवाड़ी और टीकमगढ़ जैसे जिलों ने तो अपनी मौसमी औसत वर्षा का लक्ष्य पहले ही पूरा कर लिया है। वहीं अन्य जिलों में भी 80 प्रतिशत से अधिक बारिश दर्ज की गई है। इसका मतलब है कि जलस्तर और कृषि के लिहाज से राज्य में अभी तक स्थिति संतोषजनक है।
23 जुलाई से पूर्वी जिलों में दोबारा सक्रिय होगा मानसून
IMD के अनुसार, वर्तमान में कोई बड़ा डिप्रेशन या मानसून ट्रफ मध्य प्रदेश के ऊपर सक्रिय नहीं है, इसलिए बारिश में ठहराव आया है। लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 23 जुलाई से पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ जिलों—जैसे बालाघाट, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला, शहडोल और सीधी—में फिर से भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मानसून ट्रफ का फिर से मध्य भारत की ओर बढ़ना और बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बनना, इस बदलाव की प्रमुख वजह मानी जा रही है।
तापमान में बढ़ोतरी, गर्मी ने फिर दिखाई दस्तक
मानसूनी बारिश के रुकते ही प्रदेश के कई जिलों में दिन के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। खजुराहो में जहां अधिकतम तापमान 35.6°C रहा तो वहीं सीधी में 34.6°C और सतना में करीब 33.9°C, मंडला में 33.5°C के साथ दतिया, रायसेन और नर्मदापुरम में 33.4°C दर्ज किया गया है। जुलाई के महीने में यह तापमान सामान्य से अधिक माना जा रहा है। जिससे दोपहर के समय गर्मी और उमस का अनुभव हो रहा है। किसानों और आम लोगों को अभी कुछ दिन गर्म हवाओं का सामना करना पड़ सकता है।
रात में बिजली की गड़गड़ाहट के साथ हल्की बारिश
जहां दिन के समय आसमान साफ रहा, वहीं रात में कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। खासकर बालाघाट, अनूपपुर, शहडोल, राजगढ़, छिंदवाड़ा, सिवनी, डिंडोरी, मंडला, उमरिया, सीधी, सिंगरौली, रीवा, मऊगंज, बैतूल, मैहर, जबलपुर और कटनी में बादलों की गरज के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। इस प्रकार मानसून की गतिविधि पूरी तरह थमी नहीं है, बल्कि अस्थायी रूप से कमजोर पड़ी है।





