लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर में सभी सरकारी, निजी और नगर निगम के स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए थे, जो सोमवार को खुले। आईएमडी ने मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले 24 घंटे में अत्यधिक भारी बारिश और 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। कई इलाकों में जलभराव, पेड़ गिरने और यातायात बाधित होने की घटनाएं सामने आई हैं।
अमित शाह का भरोसा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात कर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।
मुंबई में स्कूल खुले
लगातार बारिश के कारण दो दिन बंद रहने के बाद मुंबई में स्कूल और कॉलेज फिर से खुल गए। ऑनलाइन कक्षाओं के बाद छात्र आज दोबारा परिसर पहुंचे। प्रशासन ने मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली-एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट
दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए दिनभर तेज बारिश और 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है। बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है।
पुणे-मुंबई मार्ग पर भूस्खलन
भारी बारिश के चलते पुणे-मुंबई कनेक्टिंग लिंक रोड पर टनल-2 के पास भूस्खलन हुआ, जिसके बाद यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट कर दिया गया। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। लगातार बारिश से हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
उत्तराखंड-हिमाचल और केरल में हाई अलर्ट
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और सड़कें बंद होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। वहीं केरल में कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी है। प्रशासन ने भूस्खलन और अचानक बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।
पूर्वी भारत में भी भारी बारिश के आसार
आईएमडी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब अगले 24 घंटों में उत्तरी ओडिशा तट को पार कर सकता है। इसके प्रभाव से ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल समेत पूर्वी भारत के कई हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
उत्तर भारत में बारिश अलर्ट
चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में अगले 48 घंटों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में एहतियात बरतने की सलाह दी है।
गुरुग्राम में रेड अलर्ट
गुरुग्राम में भारी बारिश की चेतावनी के बीच पुलिस ने निजी और सरकारी दफ्तरों को वर्क फ्रॉम होम लागू करने की सलाह दी है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।





