होल्कर के दरबार में मोहन सरकार…इंदौर के राजवाड़ा में कैबिनेट की बैठक…जानें बैठक से पहले क्या होगा खास

Mohan Sarkar in Holkar court Cabinet meeting in Indore Rajwada

होल्कर के दरबार में मोहन सरकार…इंदौर के राजवाड़ा में कैबिनेट की बैठक…जानें बैठक से पहले क्या होगा खास

मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के राजबाड़ा महल में कैबिनेट बैठक आयोजित की जाएगी। दरअसल लोकमाता अहिल्या के 300वीं जन्म शताब्दी वर्ष के समापन पर एमपी के सीएम डॉ.मोहन यादव अपनी सरकार की कैबिनेट मीटिंग इंदौर के राजवाड़ा में करने जा रहे हैं। जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। सीएम डॉ.मोहन यादव के साथ ही अधिकांश मंत्री एक दिन पहले सोमवार 19 मई को इंदौर पहुंचने वाले हैं। कैबिनेट मीटिंग से पहले मुख्यमंत्री और सभी मंत्री शाम को मां अहिल्या के जीवन पर आधारित नाट्य देखेंगे। वहीं रात को सराफा चौपाटी पर मालवा के लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाते नजर आएंगे।

राजबाड़ा में फिर लगेगा लोकतंत्र का दरबार

राजबाड़ा परिसर कई वर्षों बाद एक बार फिर होलकर राज दरबार की तरह ही सजकर तैयार हो गया है। राज दरबार में मोहन सरकार की कैबिनेट बैठक होने जा रही है। बता दें कि प्रदेश के मुखिया डॉ.मोहन यादव अपनी कैबिनेट के साथ राजवाड़ा के गणेश हाल में राज्य के विकास से जुड़े अहम फैसले लेंगे। यह अवसर इसलिए भी खास है क्योंकि करीब 80 साल पहले इसी राजबाड़ा में अंतिम बार होलकर वंश का दरबार सजाया गया था।

कैबिनेट की बैठक में शामिल होने के लिए सीएम और उनकी कैबिनेट के सदस्य सोमवार की शाम हो ही इंदौर पहुंचने वाले हैं। शाम 6 बजे राजबाड़ा पर बीजेपी की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी की भी लोकार्पण होगा। यह प्रदर्शनी विकास पर आधारित है। जबकि शाम 7 बजे राजेंद्र नगर स्थित लता मंगेशकर ऑडिटोरियम हॉल में लोकमाता अहिल्याबाई के जीवन पर आधारित नाट्य का मंचन किया जाएगा। जिसमें सीएम और उनकी कैबिनेट के मंत्री शामिल होंगे। नाट्य मंचन के बाद रात साढ़े 9 बजे राजबाड़ा और गोपाल मंदिर के बीच में सराफा चौपाटी लगेगी। जिसमें सभी के लिए परंपरागत व्यंजनों को रखा जाएगा।

पहले जाएंगे चिड़ियाघर और लालबाग

कैबिनेट मीटिंग से पहले मुख्यमंत्री सहित पूरी कैबिनेट बुधवार सुबह 9 बजे चिडिय़ाघर पहुंचेगी। जहां घूमने के बाद सीएम मंत्रियों के साथ लालबाग पैलेस भी जाएंगे। इसके बाद में कैबिनेट बैठक में शामिल होने के लिए राजबाड़ा पहुंचेंगे।…प्रकाश कुमार पांडेय

Exit mobile version