“इतने करीब आकर हारना बहुत दर्द देता है” – मोहम्मद सिराज का भावुक बयान
लॉर्ड्स टेस्ट की हार भारतीय टीम के लिए सिर्फ एक हार नहीं थी, बल्कि एक ऐसा पल था जो टीम इंडिया के खिलाड़ियों के ज़हन में घर कर गया। तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज अब भी उस हार को भूला नहीं पाए हैं। चौथे टेस्ट से पहले उन्होंने साफ कहा है कि वो पल बेहद दर्दनाक था, क्योंकि टीम जीत के बेहद करीब थी। सिराज की यह भावनात्मक प्रतिक्रिया दिखाती है कि खिलाड़ियों के लिए हार जीत से कहीं ज़्यादा, मैच के भीतर की लड़ाई मायने रखती है।
बल्लेबाज़ी करते हुए टूटे सिराज”
लॉर्ड्स टेस्ट के आखिरी दिन मोहम्मद सिराज ने 29 गेंदों का सामना किया और 64 मिनट तक जडेजा के साथ डटे रहे। लेकिन एक दुर्भाग्यपूर्ण गेंद ने उनकी गिल्लियां उड़ा दीं। सिराज ने कहा, “मैं कभी नहीं सोच रहा था कि मैं आउट हो जाऊंगा। मिडिल करने के बावजूद आउट होना वाकई दिल तोड़ने वाला था।”
“करीबी हार ने बढ़ाया दर्द”
सिराज ने कहा कि जब टीम 80 रन से हारती दिख रही थी, तब सबने उम्मीद छोड़ दी थी। लेकिन जैसे-जैसे मैच नज़दीक आया और भारत ने फाइटबैक किया, तभी हार और भी ज्यादा तकलीफदेह लगने लगी। “अगर हम 80 रन से हारते तो बात अलग होती, लेकिन इतने करीब आकर हारना… दिल तोड़ गया।”
“अब आगे की सोच”
मोहम्मद सिराज का कहना है कि टीम हार से हिली जरूर है, लेकिन टूटी नहीं। “मैंने खुद से कहा कि अभी सीरीज खत्म नहीं हुई है। दो टेस्ट बाकी हैं, और हम मजबूती से वापसी करेंगे।” एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का चौथा मुकाबला 23 जुलाई से मैनचेस्टर में खेला जाएगा।